गंगा के तेज बहाव में बहे हाईटेंशन टावर, हस्तिनापुर में बाढ़ का खतरा बढ़ा

भीमगौड़ा और बिजनौर बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद खादर क्षेत्र में बढ़ी चिंता, प्रशासन अलर्ट

मेरठ/हस्तिनापुर। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश का असर अब गंगा के मैदानी क्षेत्रों में दिखाई देने लगा है। भीमगौड़ा और बिजनौर बैराज से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। हस्तिनापुर के खादर क्षेत्र में बाढ़ का खतरा गहरा गया है, जबकि तेज बहाव के चलते करोड़ों रुपये मूल्य के हाईटेंशन बिजली लाइन के टावर गंगा में बह गए हैं।

तेज धारा के कारण कई स्थानों पर कटान भी तेज हो गई है, जिससे तटवर्ती गांवों के लोगों में दहशत का माहौल है। बढ़ते जलस्तर के चलते खेतों तक पानी पहुंचने लगा है और किसानों को फसलों के नुकसान की चिंता सताने लगी है।

हालात का जायजा लेने के लिए नायब तहसीलदार सचिन चौधरी, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता प्रमोद कुमार, क्षेत्राधिकारी पंकज लवानिया सहित अन्य अधिकारियों ने तटबंधों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संवेदनशील स्थलों पर निगरानी बढ़ाने और सिंचाई विभाग की टीम को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए।

ग्रामीणों ने प्रशासन से तटबंधों की सुरक्षा मजबूत करने, कटान रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए समय रहते राहत एवं बचाव के इंतजाम करने की मांग की है।

प्रशासन का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन गंगा के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। तटबंधों पर 24 घंटे निगरानी के साथ राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts