कांवड़ यात्रा पर हाईटेक सुरक्षा कवच
मेरठ रेंज में 3000 आईपी कैमरे, 100 ड्रोन और हजारों सीसीटीवी से होगी 24 घंटे निगरानी
मेरठ। कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मेरठ रेंज पुलिस ने इस बार हाईटेक सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। यात्रा मार्गों, प्रमुख शिवालयों और संवेदनशील स्थानों पर 3000 आईपी कैमरे, हजारों सीसीटीवी कैमरे, 100 ड्रोन, 19 वॉच टावर और 30 वॉचिंग वॉल के माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाएगी।
मेरठ रेंज के डीआईजी कलानिधि नैथानी ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और आधुनिक तकनीक के जरिए हर गतिविधि पर लगातार नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने, भ्रामक वीडियो या सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने वाली पोस्ट साझा करने वालों पर भी पुलिस की विशेष नजर रहेगी। ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डीआईजी ने बताया कि हाईटेक निगरानी व्यवस्था का उद्देश्य कांवड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना और कानून-व्यवस्था कायम रखना है। यात्रा के दौरान मेरठ रेंज के सभी जिलों की पुलिस और प्रशासनिक टीमें आपसी समन्वय के साथ लगातार निगरानी एवं गश्त करती रहेंगी।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस बार तकनीक और मानव संसाधनों के बेहतर समन्वय से कांवड़ यात्रा को पहले से अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की तैयारी की गई है।


No comments:
Post a Comment