'मुझे और मेरी मां को गालियां दी गईं, लेकिन बच्चों को माफ करता हूं': पीएम मोदी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को जारी एक इंस्टाग्राम वीडियो में हाल ही में जंतर-मंतर पर हुई घटना का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें और उनकी दिवंगत माता को अपशब्द कहे गए, लेकिन वह संबंधित युवाओं को "गुमराह बच्चे" मानते हैं और उन्हें माफ करना चाहते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि समाज में इस घटना को लेकर आक्रोश स्वाभाविक है, लेकिन ऐसे युवाओं को दंडित करने या समाज से अलग करने के बजाय सही मार्ग दिखाने की जरूरत है। उन्होंने कहा, "ये गुमराह बच्चे हैं। इन्हें राह दिखाना हमारा काम है। अदालतों के चक्कर कटवाने या प्रताड़ित करने से परिस्थितियां नहीं बदलेंगी।"
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे कभी-कभी दांतों तले जीभ आ जाती है, लेकिन हम दांत नहीं तोड़ते क्योंकि दोनों हमारे ही हैं, उसी तरह बच्चे भी हमारे हैं और उन्हें सही दिशा देना समाज की जिम्मेदारी है।
पीएम मोदी ने युवाओं से देश के विकास में मिलकर योगदान देने का आह्वान करते हुए कहा कि गलतियों से सीखकर आगे बढ़ें और अपने सपनों को साकार करें। उन्होंने कहा कि उनका सपना देश के युवाओं का उज्ज्वल भविष्य है और सभी को मिलकर भारत को आगे बढ़ाना चाहिए।


No comments:
Post a Comment