गन्ना विकास विभाग व वाधवानी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
लखनऊ। गन्ना विकास विभाग एवं वाधवानी फाउंडेशन की अनुषंगी संस्था स्किल्स डेवलपमेंट नेटवर्क (एसडीएन) के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को लाल बहादुर शास्त्री गन्ना किसान संस्थान में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन गन्ना आयुक्त ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। यह प्रशिक्षण 13 से 15 जुलाई तक आयोजित किया जाएगा।
यह प्रशिक्षण गन्ना विकास विभाग और वाधवानी फाउंडेशन के बीच रोजगारपरक शिक्षा, कौशल विकास एवं युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) के तहत आयोजित किया जा रहा है। इसमें सहकारी गन्ना विकास समितियों के माध्यम से संचालित विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्राध्यापकों को तकनीकी एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण का उद्देश्य प्राध्यापकों को मास्टर ट्रेनर के रूप में तैयार करना है, ताकि वे अपने-अपने शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी कौशल विकास शिक्षा प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। कार्यक्रम में 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान के अनुरूप बालिकाओं के कौशल विकास और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
गन्ना आयुक्त ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं के कौशल का विकास कर उनके लिए रोजगार के अधिक अवसर सृजित करना है। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद शिक्षक विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक, रोजगारपरक शिक्षा और वैश्विक बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करेंगे, जिससे ग्रामीण एवं अर्ध-शहरी क्षेत्रों के युवाओं को भी बेहतर रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।
कार्यक्रम में अपर गन्ना आयुक्त (प्रशासन) अभिषेक आनंद, अपर गन्ना आयुक्त (विकास) वी.के. शुक्ल, अपर गन्ना आयुक्त (समितियां) डॉ. वी.बी. सिंह, अपर गन्ना आयुक्त (क्रय) विश्वेश कनौजिया, संयुक्त गन्ना आयुक्त सत्येंद्र सिंह, अमर सिंह, मुख्य विज्ञापन अधिकारी डॉ. बी.के. गोयल सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अंत में अपर गन्ना आयुक्त (क्रय) विश्वेश कनौजिया ने धन्यवाद ज्ञापित किया।


No comments:
Post a Comment