मुंडाली में चोरों का तांडव:
एक ही रात में तीन घरों के ताले चटकाए; लाखों की नकदी, जेवर और मोबाइल पार
मेरठ। थाना मुंडाली क्षेत्र के ग्राम मुंडाली में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात बेखौफ चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। अज्ञात बदमाशों ने एक ही रात में गांव के तीन अलग-अलग घरों को अपना निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और मोबाइल फोन साफ कर दिए। सुबह जब पीड़ितों की आंख खुली तो घरों के हालात देखकर उनके होश उड़ गए। एक ही रात में तीन वारदातों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। तीनों पीड़ितों ने थाने में तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
पहले घर से ₹35 हजार और जेवर गायब
ग्राम मुंडाली निवासी माजिद पुत्र यामीन ने पुलिस को बताया कि बीती रात वह अपने परिवार के साथ सो रहे थे। इसी बीच अज्ञात चोरों ने उनके घर में घुसकर सेफ अलमारी का ताला तोड़ दिया। चोर अलमारी में रखे ₹35,000 नकद, एक सोने की अंगूठी, एक जोड़ी सोने के कुंडल, एक जोड़ी पाजेब और चांदी के अन्य आभूषण समेटकर चंपत हो गए। सुबह उठने पर परिवार को घटना की जानकारी हुई।
दूसरे घर में जाग होने पर भागे बदमाश
चोरी की दूसरी वारदात गांव के ही उम्मेद पुत्र इद्रीश के घर हुई। रात करीब 1:00 बजे उम्मेद की भाभी सायबा की अचानक आंख खुली तो कमरे में मुंह पर कपड़ा बांधे एक चोर दिखाई दिया। सायबा के शोर मचाने पर चोर दरवाजा खोलकर भागा। परिजनों ने पीछा किया तो बाहर उसका एक और साथी भी भागता दिखा। दोनों चोर अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की तरफ भाग निकले, लेकिन भागने से पहले वे अलमारी से ₹25,000 नगद और एक जियो नेक्स्ट मोबाइल चोरी कर चुके थे।
पुलिस की गश्त पर उठे सवाल: ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में पुलिस गश्त न के बराबर होने के कारण बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। एक ही रात में तीन घरों को निशाना बनाए जाने से स्थानीय निवासियों में सुरक्षा को लेकर भारी आक्रोश है।
तीसरे घर से भी नकदी व दो मोबाइल उड़ाए
चोरों ने तीसरी बड़ी वारदात नफीस पुत्र अय्यूब के घर को निशाना बनाकर की। नफीस के अनुसार, पूरा परिवार सोया हुआ था तभी चोरों ने सेफ अलमारी का ताला चटका दिया। बदमाश वहां से करीब ₹52,000 नकद, दो जोड़ी चांदी की पाजेब, सोने का पैडल, सोने की झुमकी, एक हाथफूल, एक हार, दो मोबाइल फोन (एक ओप्पो और एक कीपैड) सहित बच्चों की दो गुल्लक भी चुरा ले गए। मुंडाली थाना पुलिस ने तीनों पीड़ितों की तहरीर लेकर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।


No comments:
Post a Comment