अश्वनी कुमार को पीएचडी की उपाधि, शोध एवं अकादमिक उपलब्धियों से बढ़ाया मान

मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के 38वें दीक्षांत समारोह में पल्लवपुरम निवासी अश्वनी कुमार को प्राणी विज्ञान (जूलॉजी) विषय में पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई। उनका शोध कार्य वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. संजय कुमार भारद्वाज के निर्देशन में संपन्न हुआ, जिसमें पक्षियों के व्यवहार एवं न्यूरोबायोलॉजी पर समयीय व्यवधानों के प्रभाव का अध्ययन किया गया।

अश्वनी कुमार अपने शैक्षणिक जीवन में कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर चुके हैं। स्नातकोत्तर में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने पर उन्हें आर.सी. दलेला स्वर्ण पदक तथा एमएससी जूलॉजी में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर कुलपति स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। एम.फिल. के दौरान भी उन्होंने कुलपति स्वर्ण पदक प्राप्त किया।

उन्होंने CSIR-NET JRF परीक्षा उत्तीर्ण करने के साथ पीएचडी के लिए प्रतिष्ठित DST INSPIRE फेलोशिप हासिल की। शोध कार्य के दौरान जापान में अपने शोध प्रस्तुत करने पर भारत सरकार से अंतरराष्ट्रीय यात्रा अनुदान प्राप्त हुआ तथा उन्हें Aschoff और Honma पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त उन्होंने फ्रांस के क्रोनो स्कूल में CSIR यात्रा अनुदान के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त किया।

हाल ही में उन्हें जूलॉजिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया द्वारा सर्वश्रेष्ठ मौखिक प्रस्तुति पुरस्कार भी मिला। उन्होंने लाइफ साइंसेज तथा इकोलॉजी एंड इवोल्यूशन विषयों में GATE परीक्षा उत्तीर्ण की है तथा उनके शोध पत्र अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं।

मूल रूप से मवाना तहसील के ऐंची खुर्द गांव तथा वर्तमान में पल्लवपुरम निवासी अश्वनी कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय अपने दादा बालकराम सिंह भाटी, माता-पिता, परिवार, शोध निर्देशक डॉ. संजय कुमार भारद्वाज, चाचा प्रो. बीरपाल सिंह तथा विभाग के सभी शिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा कि वह भविष्य में व्यवहार विज्ञान और न्यूरोसाइंस के क्षेत्र में शोध कार्य को आगे बढ़ाना चाहते हैं।

मुख्य बिंदु :

  • सीसीएसयू के 38वें दीक्षांत समारोह में जूलॉजी में पीएचडी की उपाधि।
  • स्नातकोत्तर और एम.फिल. में कुलपति व आर.सी. दलेला स्वर्ण पदक से सम्मानित।
  • CSIR-NET JRF एवं DST INSPIRE फेलोशिप प्राप्त।
  • जापान और फ्रांस में शोध प्रस्तुत कर अंतरराष्ट्रीय सम्मान अर्जित।
  • भविष्य में व्यवहार विज्ञान एवं न्यूरोसाइंस के क्षेत्र में शोध जारी रखने का लक्ष्य।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts