एमडी रवीश गुप्ता ने मुरादाबाद में विद्युत व्यवस्थाओं का लिया जायजा, कांवड़ यात्रा के दौरान निर्बाध आपूर्ति के दिए निर्देश
मेरठ/मुरादाबाद। प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) ने बुधवार को मुरादाबाद पहुंचकर दिल्ली रोड कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया और विद्युत वितरण निगम के वाणिज्यिक एवं तकनीकी कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने राजस्व प्राप्ति, एटी एंड सी हानियों में कमी, बिलिंग व्यवस्था में सुधार और स्मार्ट मीटर प्रणाली को प्राथमिकता देने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
मुख्य अभियंता (वितरण) कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में राजस्व लक्ष्य, कलेक्शन एफिशिएंसी, झटपट पोर्टल, निवेश मित्र पोर्टल, स्मार्ट मीटर बिलिंग, आईडीएफ-आरडीएफ बिलिंग तथा बिजनेस प्लान 2026-27 की प्रगति की समीक्षा की गई। प्रबंध निदेशक ने कहा कि उपभोक्ताओं को बेहतर और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए बिलिंग की गुणवत्ता में सुधार किया जाए तथा बिल संशोधन के मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात और कांवड़ यात्रा के दौरान विद्युत आपूर्ति पूरी तरह सुचारु और निर्बाध बनी रहे। साथ ही वितरण ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि के कार्यों में तेजी लाई जाए और स्मार्ट सिटी की अवधारणा के अनुरूप स्मार्ट ग्रिड प्रणाली को विकसित किया जाए। उन्होंने विद्युत सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने पर भी जोर दिया।
समीक्षा बैठक के बाद प्रबंध निदेशक ने दिल्ली रोड कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर कांवड़ यात्रा के दौरान विद्युत सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने मुरादाबाद स्थित स्काडा सेंटर का निरीक्षण कर सभी लंबित कार्य शीघ्र पूरा करने के आदेश दिए। 33 केवी पीली कोठी कंपनी बाग उपकेंद्र का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को सतत एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता शशांक कुमार अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता राजीव कुमार दुबे, प्रशांत कुमार, स्टाफ ऑफिसर सोनम सिंह, अधिशासी अभियंता विकास दीप, योगेश कुमार, नेहा चौधरी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment