निशि कुलश्रेष्ठ बनीं अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की राष्ट्रीय महिला कार्यकारी अध्यक्ष

महिला नेतृत्व को नई दिशा देने का संकल्प, देशभर की महिलाओं को संगठन से जोड़ने पर रहेगा जोर

नई दिल्ली। कायस्थ समाज में महिला नेतृत्व को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए दिल्ली की समाजसेवी चित्रांशी निशि कुलश्रेष्ठ को अखिल भारतीय कायस्थ महासभा 2150 का राष्ट्रीय महिला कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। नियुक्ति की घोषणा महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संयोजक मनीष श्रीवास्तव ने की। उनके मनोनयन पर देशभर के पदाधिकारियों, समाज के वरिष्ठजनों और सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त की।

निशि कुलश्रेष्ठ शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, सांस्कृतिक विरासत, पर्यावरण संरक्षण और व्यक्तित्व विकास के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय हैं। उनकी नियुक्ति को राष्ट्रीय स्तर पर कायस्थ समाज की महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और महिला नेतृत्व को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

नियुक्ति पर आभार व्यक्त करते हुए निशि कुलश्रेष्ठ ने कहा कि वह इस जिम्मेदारी को केवल सम्मान नहीं, बल्कि समाज सेवा का पवित्र उत्तरदायित्व मानती हैं। उनका लक्ष्य ऐसा राष्ट्रीय मंच तैयार करना है, जहां देश के प्रत्येक राज्य और क्षेत्र की महिलाएं समाज निर्माण, नेतृत्व विकास और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा सकें।

उन्होंने कहा कि कार्यकाल के दौरान महिला सशक्तिकरण की नई योजनाओं का निर्माण और प्रभावी क्रियान्वयन, विभिन्न राज्यों से महिलाओं की अधिकाधिक सहभागिता, नेतृत्व विकास, कौशल संवर्धन, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता को प्राथमिकता दी जाएगी।

महिलाओं को जोड़ने के लिए बनेगा राष्ट्रीय नेटवर्क

निशि कुलश्रेष्ठ ने कहा कि कायस्थ समाज की महिलाओं के बीच एकता, अखंडता और आपसी सहयोग को मजबूत करना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में रहेगा। महिलाओं को जोड़ने के लिए शिक्षा कार्यक्रम, जन-जागरूकता अभियान, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, सामाजिक सेवा गतिविधियां, नेतृत्व कार्यशालाएं और डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि संगठित और जागरूक महिला शक्ति समाज की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ-साथ वर्तमान सामाजिक चुनौतियों के समाधान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय रही हैं निशि कुलश्रेष्ठ

निशि कुलश्रेष्ठ किश्ती वेलफेयर ट्रस्ट की संस्थापिका हैं। उन्होंने स्वास्थ्य जागरूकता, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, युवा विकास तथा कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में विभिन्न सामाजिक गतिविधियों का संचालन किया है। सामाजिक सेवा में योगदान के लिए उन्हें दिल्ली रत्न सम्मान, एम्बेसडर फॉर पीस, इंटरनेशनल जुनू अवॉर्ड और भामाशाह सम्मान सहित कई पुरस्कार मिल चुके हैं।

उन्होंने आगरा के सेंट जॉन्स कॉलेज से विज्ञान विषय में एमएससी की शिक्षा प्राप्त की। विवाह के बाद दिल्ली में रहते हुए उन्होंने सामाजिक सेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया।

महासभा के पदाधिकारियों और वरिष्ठजनों ने उनकी नियुक्ति का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि निशि कुलश्रेष्ठ का अनुभव, दूरदर्शी सोच और समावेशी नेतृत्व संगठन के महिला प्रकोष्ठ को नई मजबूती देगा। उनके नेतृत्व में देशभर की महिलाओं को संगठन से जोड़ने और सामाजिक गतिविधियों में उनकी भागीदारी बढ़ाने की उम्मीद जताई गई।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts