बिहार में अब तक का सबसे बड़ा तबादला
3268 राजस्व कर्मचारियों का एक साथ स्थानांतरण
पहली बार ऑनलाइन और कंप्यूटर आधारित प्रक्रिया से जारी हुई सूची, पारदर्शिता पर सरकार का जोर
पटना। बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने राज्य में अब तक का सबसे बड़ा स्थानांतरण आदेश जारी करते हुए एक साथ 3268 राजस्व कर्मचारियों का तबादला किया है। विभाग ने पहली बार पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन और कंप्यूटर आधारित प्रणाली के माध्यम से पूरी की है। सरकार का दावा है कि इससे स्थानांतरण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और विश्वसनीय बनी है।
विभागीय मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल की अनुशंसा के बाद मंगलवार को स्थानांतरण सूची जारी की गई। विभाग के अनुसार कर्मचारियों से बिहार भूमि पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। कर्मचारियों द्वारा दिए गए विकल्पों और निर्धारित मानकों के आधार पर नई तैनाती तय की गई।
महिला, दिव्यांग और गंभीर रोगियों को प्राथमिकता
स्थानांतरण प्रक्रिया में कई मानकों को प्राथमिकता दी गई। महिला कर्मचारियों, पति-पत्नी को एक ही क्षेत्र में पदस्थापन, गंभीर बीमारी से पीड़ित कर्मचारियों और दिव्यांग कर्मियों को विशेष वरीयता दी गई। इसके अलावा कर्मचारियों के कार्यस्थल की दूरी का भी ध्यान रखा गया।
अधिकांश कर्मचारियों को मिली पसंदीदा पोस्टिंग
विभाग के अनुसार स्थानांतरित कर्मचारियों में 3,142 पुरुष और 126 महिला कर्मचारी शामिल हैं। इनमें 1,712 पुरुष और 108 महिला कर्मचारियों को उनकी पहली वरीयता के अनुसार पदस्थापन मिला है। वहीं 380 कर्मचारियों को दूसरी और 141 कर्मचारियों को तीसरी वरीयता के आधार पर नई तैनाती दी गई है। इसके अतिरिक्त 880 कर्मचारियों को उनके गृह जिले से सटे जिले में पोस्टिंग दी गई है।
डिजिटल व्यवस्था से बढ़ेगी पारदर्शिता
राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि तकनीक आधारित नई व्यवस्था से तबादला प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक पारदर्शी और निष्पक्ष बनी है। उन्होंने बताया कि भविष्य में अन्य श्रेणी के सरकारी कर्मचारियों के स्थानांतरण में भी इसी मॉडल को अपनाने की दिशा में काम किया जाएगा।
विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों के आधार पर पूरी प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया गया है। इसी डिजिटल प्रणाली के तहत जल्द ही सर्वे अमीन (Survey Amin) के स्थानांतरण की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।


No comments:
Post a Comment