कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर मेरठ में शहीदों को श्रद्धांजलि, वीर नारियों और पूर्व सैनिकों का सम्मान

मेरठ। कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार को जनपद सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय, मेरठ में श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को नमन करते हुए वीर नारियों, पूर्व सैनिकों और शहीद आश्रितों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेन्द्र तोमर ने शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि कारगिल विजय दिवस राष्ट्र की अस्मिता, स्वाभिमान और भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों का त्याग सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने मेरठ को वीरों और बलिदान की पावन धरती बताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और शहीद परिवारों के सम्मान एवं कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

इस अवसर पर ब्रिगेडियर अतुल कुमार (सेवानिवृत्त), सेना मेडल, निदेशक सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास, उत्तर प्रदेश ने कहा कि सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों के सर्वांगीण कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि वीर शहीदों का बलिदान सदैव देशवासियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।

समारोह के दौरान मंत्री डॉ. सोमेन्द्र तोमर ने वीर नारियों एवं पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया। इस अवसर पर भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई), पुणे द्वारा निर्मित लघु वृत्तचित्र ‘वीर गाथा’ का भी लोकार्पण किया गया। यह वृत्तचित्र उत्तर प्रदेश के वीर शहीदों के साहस, राष्ट्रभक्ति और सर्वोच्च बलिदान पर आधारित है तथा नई पीढ़ी में राष्ट्रसेवा की भावना को प्रेरित करने का संदेश देता है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, वीर नारियां, सेवारत सैनिक, शहीद परिवार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह का समापन राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति अपनी अटूट निष्ठा दोहराने तथा वीर शहीदों के आदर्शों का अनुसरण करने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts