भीषण गर्मी में बिजली ने दिया झटका, डीएम आवास पहुंचा जनता का गुस्सा
अघोषित कटौती से बढ़ा आक्रोश, सैकड़ों लोगों ने किया प्रदर्शन
मेरठ। शहर में लगातार बिजली कटौती से नाराज सैकड़ों लोगों ने रविवार देर रात जिलाधिकारी आवास का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि घंटों बिजली गुल रहने से पेयजल संकट गहरा गया है और भीषण गर्मी व उमस में बच्चों, बुजुर्गों तथा बीमार लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है।
डालमपाड़ा, शीश महल, जत्तीवाड़ा, बाबा खाकी, कानूनगोयान और लाल का बाजार सहित कई इलाकों में रविवार शाम करीब चार बजे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जो देर रात तक बहाल नहीं हो सकी। इससे नाराज लोग पहले पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक के आवास पहुंचे, लेकिन मुलाकात न होने पर डीएम आवास के बाहर धरने पर बैठ गए। सुभाष नगर, मोहनपुरी, न्यू मोहनपुरी, आर्यनगर, सूरजकुंड स्पोर्ट्स मार्केट और पूर्वा अहिरान समेत अन्य क्षेत्रों के लोगों ने भी अघोषित बिजली कटौती पर नाराजगी जताई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। सिविल लाइन थाना प्रभारी सौरभ शुक्ला ने बताया कि बिजली विभाग के अधिकारियों को तत्काल फॉल्ट दूर कर आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए गए, जिसके बाद लोगों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
मुख्य अभियंता अनिल कुमार ने बताया कि घंटाघर फीडर के अंतर्गत भूमिगत केबल और जंपर में तकनीकी खराबी आने से आपूर्ति बाधित हुई थी। हाल की बारिश के कारण फॉल्ट का पता लगाने में समय लगा। विभाग की टीमों ने रातभर मरम्मत कार्य कर अधिकांश क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी है। साथ ही लो-वोल्टेज की समस्या के स्थायी समाधान के लिए भी तकनीकी जांच कराई जा रही है।


No comments:
Post a Comment