चीते की चाल, बाज की नजर और बाजीराव की तलवार पर संदेह नहीं करते...

अमित मालवीय के पोस्ट से सियासी हलकों में हलचल, विरोधियों पर निशाना साधने के लगाए जा रहे कयास

नई दिल्ली, 28 जुलाई। भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय की सोशल मीडिया पोस्ट ने राजनीतिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा, “चीते की चाल, बाज की नजर और बाजीराव की तलवार पर संदेह नहीं करते, कभी भी मात दे सकती है।” पोस्ट की टाइमिंग को मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है।

अमित मालवीय की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद विपक्ष केंद्र सरकार पर लगातार हमलावर है। विपक्षी दलों का दावा है कि सरकार छात्रों के आंदोलन और राजनीतिक दबाव के आगे झुकने को मजबूर हुई है। हालांकि, अमित मालवीय ने अपने पोस्ट में न तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम लिया और न ही किसी मौजूदा विवाद का सीधे तौर पर उल्लेख किया।

राजनीतिक जानकारों के अनुसार, पोस्ट में इस्तेमाल किए गए चीते की चाल, बाज की नजर और बाजीराव की तलवार जैसे प्रतीक फुर्ती, दूरदर्शिता और निर्णायक कार्रवाई का संकेत देते हैं। इसी वजह से इसे प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और सरकार की रणनीतिक क्षमता पर भरोसे के संदेश के तौर पर भी देखा जा रहा है।

इससे पहले अमित मालवीय ने आंदोलन के दौरान सामने आए कथित जश्न और डांस के वीडियो को लेकर भी सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि यदि किसी आंदोलन को छात्रों के लिए न्याय की लड़ाई के रूप में पेश किया गया है, तो उसके तुरंत बाद सामने आने वाले जश्न के दृश्य कई लोगों को असंवेदनशील लग सकते हैं। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि ऐसे वीडियो उन युवाओं को क्या संदेश देंगे, जो गंभीर मुद्दों को लेकर आंदोलन में शामिल हुए थे।

अमित मालवीय ने यह भी संकेत दिया कि छात्रों की भावनाओं और आकांक्षाओं का राजनीतिक इस्तेमाल नहीं होना चाहिए। उनके मुताबिक, देश के युवाओं को दिखावे के बजाय ईमानदारी और गंभीरता की जरूरत है।

अब उनके ताजा पोस्ट को लेकर राजनीतिक हलकों में अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि, पोस्ट के वास्तविक राजनीतिक संकेत को लेकर अमित मालवीय की ओर से कोई विस्तृत स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts