चतुर्थ आनंद प्रकाश अग्रवाल मेमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप का शुभारंभ, 700 से अधिक निशानेबाज दिखाएंगे दम

मेरठ। शास्त्री नगर स्थित बालेराम बृजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को चतुर्थ आनंद प्रकाश अग्रवाल मेमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन जिलाधिकारी बी.के. सिंह एवं नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) की गवर्निंग बॉडी के सदस्य, आईएसएसएफ जज एवं इंस्ट्रक्टर धीरज सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों ने मार्च-पास्ट कर अतिथियों का स्वागत किया। राष्ट्रगान एवं स्वागत गीत के साथ शुरू हुए कार्यक्रम में खेल, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोग, प्रशिक्षक, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जिलाधिकारी बी.के. सिंह ने कहा कि निशानेबाजी केवल एक खेल नहीं, बल्कि धैर्य, अनुशासन और एकाग्रता का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार निशानेबाज का लक्ष्य हमेशा बुल्सआई होता है, उसी प्रकार युवाओं को भी अपने जीवन के लक्ष्य को निर्धारित कर पूरी निष्ठा से उसे हासिल करने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेरठ में इस स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन युवाओं को नई प्रेरणा देगा।

मुख्य अतिथि धीरज सिंह ने कहा कि आधुनिक तकनीक और बेहतर प्रशिक्षण के कारण भारतीय निशानेबाज आज विश्व स्तर पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आनंद प्रकाश अग्रवाल मेमोरियल जैसी प्रतियोगिताएं नई प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

प्रतियोगिता के आयोजन सचिव एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रभात गुप्ता ने बताया कि चार दिवसीय इस प्रतियोगिता में देशभर से 700 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग के लिए 10 मीटर एयर राइफल और 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धाओं का आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता का आयोजन अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप SIUS इलेक्ट्रॉनिक टारगेट सिस्टम पर किया जा रहा है, जिसका उपयोग ओलंपिक और विश्व चैंपियनशिप में भी किया जाता है। इससे खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव प्राप्त होगा और प्रतियोगिता में पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी।

प्रतियोगिता के तकनीकी निदेशक एवं कोच जॉनी चौधरी ने बताया कि हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को नकद पुरस्कारों के साथ उच्च गुणवत्ता के शूटिंग उपकरण भी प्रदान किए जाएंगे।

यह प्रतियोगिता स्वर्गीय आनंद प्रकाश अग्रवाल की स्मृति में आयोजित की जाती है, जिन्होंने खेलों के विकास और युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। पिछले तीन वर्षों में यह प्रतियोगिता उत्तर भारत की प्रमुख स्कूली एवं क्लब स्तरीय निशानेबाजी प्रतियोगिताओं में अपनी विशेष पहचान बना चुकी है।

उद्घाटन समारोह में एनआरएआई के पदाधिकारी, जिला खेल अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, प्रशिक्षक, अभिभावक एवं मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी सभी का मन मोह लिया।

यह प्रतियोगिता 31 जुलाई से 3 अगस्त 2026 तक आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम का संचालन चांदनी नेगी ने किया। इस अवसर पर डॉ. सुधांशु अग्रवाल, अरुण जिंदल, कृष्ण कुमार शर्मा, शुभम, सुधीर, मनोज सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts