शास्त्री नगर के के-ब्लॉक में आवास विकास की टीम ने किया सर्वे, 40 दुकानों की वीडियोग्राफी
टीम के पहुंचते ही दुकानदारों ने गिराए शटर, सर्वे को लेकर व्यापारियों में हड़कंप; चौपले से अशोक कुमार की दुकान तक की गई पड़ताल
मेरठ। शास्त्री नगर के नए के-ब्लॉक में बुधवार को आवास विकास परिषद की टीम के पहुंचने से व्यापारियों में हड़कंप मच गया। टीम ने क्षेत्र में करीब 40 दुकानों और मकानों का सर्वे किया। सर्वे की जानकारी मिलते ही कई दुकानदारों ने आनन-फानन में अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए। वहीं, जो दुकानें खुली मिलीं, उनकी टीम ने फोटो और वीडियोग्राफी कराई।
आवास विकास परिषद के अधिकारियों अधीशासी अभियंता राहुल यादव के नेतृत्व मजदूर चौपले से के-1 ब्लॉक का सर्वे शुरू किया। टीम ने खुले प्रतिष्ठानों की स्थिति को कैमरे में दर्ज किया। इसके बाद टीम चौपले से आगे बढ़ते हुए अशोक कुमार की दुकान की ओर से मुड़ी और रास्ते में आने वाली दुकानों और भवनों का निरीक्षण किया।
बताया गया कि टीम ने इस दौरान करीब 40 दुकानों का सर्वे किया। अधिकारियों ने संबंधित भवनों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से जुड़ी जानकारी जुटाई और मौके की स्थिति का रिकॉर्ड तैयार किया। सर्वे पूरा करने के बाद आवास विकास परिषद की टीम वापस लौट गई।
शटर गिरते ही बाजार में बढ़ी हलचल
टीम के सर्वे की खबर फैलते ही बाजार में हलचल बढ़ गई। कई दुकानदारों ने कार्रवाई की आशंका में अपनी दुकानों के शटर बंद कर दिए। क्षेत्र में सर्वे को लेकर व्यापारियों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
स्थानीय व्यापारियों में इस बात को लेकर असमंजस है कि सर्वे किस उद्देश्य से कराया गया और इसके बाद क्या कार्रवाई प्रस्तावित है। हालांकि, आवास विकास परिषद की ओर से सर्वे के उद्देश्य अथवा आगे की कार्रवाई को लेकर तत्काल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
सर्वे के बाद व्यापारियों में चिंता का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि यदि किसी प्रकार की कार्रवाई प्रस्तावित है तो विभाग को स्पष्ट जानकारी देनी चाहिए, ताकि क्षेत्र में अनावश्यक भ्रम और भय की स्थिति न बने।


No comments:
Post a Comment