टी-20 उत्तर प्रदेश स्कूल क्रिकेट चैंपियनशिप का आगाज
स्कूली खिलाड़ियों को स्टेट और नेशनल स्तर पर मिलेगा मौका
मेरठ। स्कूली क्रिकेट को बढ़ावा देने और प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देने के उद्देश्य से टी-20 उत्तर प्रदेश स्कूल क्रिकेट चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। स्थानीय गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल में आयोजित प्रेसवार्ता में स्पोर्ट्स फॉर स्कूल फेडरेशन के चेयरमैन देवेंद्र सिंह ने प्रतियोगिता की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी 18 मंडलों और 75 जनपदों से खिलाड़ियों का चयन कर आठ क्षेत्रीय टीमों का गठन किया जाएगा। इनमें वेस्ट यूपी, पूर्वांचल पैंथर, रूहेलखंड रॉयल्स, अवध लायंस, बुंदेलखंड टाइगर, ब्रज केसरिया, संगम सुपर किंग्स और सरयू स्ट्राइकर्स शामिल हैं। विभिन्न टीमों के लिए 18 मंडलों में ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। प्रतियोगिता का ग्रैंड फाइनल 30 सितंबर से 10 अक्टूबर के बीच दिल्ली-एनसीआर में प्रस्तावित है।
क्रिकेट संयोजक अतहर अली ने बताया कि मेरठ मंडल के खिलाड़ियों के ट्रायल गुरु तेग बहादुर क्रिकेट एकेडमी और ऋषभ क्रिकेट एकेडमी में आयोजित किए जाएंगे। इसमें 14 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक तथा 17 से 19 वर्ष की बालिकाओं का चयन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में से प्रदेश स्तर की टीम का गठन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को 15 अक्टूबर से प्रस्तावित इंटर स्टेट चैंपियनशिप में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता में आठ राज्यों की टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें यूपी टाइटंस, पंजाब स्टेलियन्स, हरियाणा, राजस्थान वॉरियर्स, बिहार ब्लास्टर्स, दिल्ली डोमिनेटर्स, एमपी पैंथर्स और उत्तराखंड वॉरियर्स शामिल हैं। लीग मुकाबलों का आयोजन उत्तराखंड में किया जाएगा।
प्रतियोगिता के संचालन के लिए विभिन्न मंडलों और राष्ट्रीय स्तर पर पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। मेरठ मंडल में अतहर अली, मुरादाबाद में सलीम अहमद, लखनऊ में मोहम्मद सुफियान, वाराणसी में अभय तिवारी, सहारनपुर में धीरज शर्मा और बरेली में अमित चौधरी को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं विवेक राघव को उत्तर प्रदेश का वाइस प्रेसिडेंट, अली महेंदी रिजवी को नेशनल कोऑर्डिनेटर, राजशेखर मलिक को नेशनल क्रिकेट मेंटर, सोनिया ठाकुर को नेशनल कोऑर्डिनेटर एवं एडिशनल डायरेक्टर, डॉ. तृप्ति सिंह को नेशनल एग्जीक्यूटिव मेंबर और धीरज शर्मा को नेशनल क्रिकेट कमेटी मेंबर की जिम्मेदारी दी गई है।
इस अवसर पर वाइस प्रेसिडेंट डा. महेश कुमार वाइट, प्रेसिडेंट कृष्णा सिंह, जितेंद्र कुमार, गुरु तेग बहादुर के चेयरमैन इंद्रजीत सालवान, ऋषभ क्रिकेट एकेडमी के अध्यक्ष डा. संजय जैन, नेशनल ज्वाइंट सेक्रेटरी राजू गर्ग, नेशनल वर्किंग कमेटी मेंबर यशपाल सिंह राणा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment