बिल संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए विशेष शिविर, 1,523 शिकायतें प्राप्त

मेरठ, 3 अगस्त। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) की ओर से उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 1 अगस्त से 31 अगस्त तक पश्चिमांचल डिस्कॉम के सभी जनपदों में विशेष बिल संशोधन शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शिविरों में उपभोक्ताओं की बिल संबंधी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जा रहा है।

पीवीवीएनएल के अनुसार अब तक शिविरों में 1,523 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जबकि 1,075 शिकायतों का पंजीकरण 1912 हेल्पलाइन के माध्यम से किया गया है। उपभोक्ता घर बैठे भी 1912 हेल्पलाइन और 7859804803 WhatsApp Chatbot के जरिए अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

शिविरों में गैर-स्मार्ट मीटर से संबंधित 432 बिल संशोधन प्रकरणों में 243 तथा स्मार्ट मीटर से संबंधित 229 प्रकरणों में 137 का निस्तारण किया गया है। इसके अलावा मीटर संबंधी 168 शिकायतों में से 122 मीटर बदले जा चुके हैं। टैरिफ परिवर्तन के 51 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनका शत-प्रतिशत निस्तारण कर दिया गया।

वहीं, मोबाइल नंबर एवं ई-मेल आईडी अपडेट से संबंधित 465 प्रकरणों तथा UPPCL Smart App से संबंधित 232 शिकायतों का भी समाधान किया गया है।

शिविरों में बिल संशोधन के साथ नए विद्युत कनेक्शन के आवेदन, भार वृद्धि, खराब मीटर की शिकायत, विधा परिवर्तन, टैरिफ श्रेणी परिवर्तन, बिजली बिल जमा करने, मोबाइल नंबर एवं ई-मेल आईडी अपडेट तथा UPPCL Smart App डाउनलोड और उसके उपयोग संबंधी सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है।

पीवीवीएनएल ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने निकटतम खंड, उपखंड, सहायक अभियंता या अधिशासी अभियंता कार्यालय में आयोजित विशेष बिल संशोधन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उपभोक्ता कार्यालय आए बिना भी हेल्पलाइन और व्हाट्सऐप चैटबॉट के माध्यम से शिकायत दर्ज कराकर समयबद्ध समाधान प्राप्त कर सकते हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts