सीबीएसई नॉर्थ ज़ोन-1 बालक तैराकी चैम्पियनशिप में विजेताओं का सम्मान, आज होगा समापन
मेरठ। आईआईएमटी एकेडमी के तत्वावधान में आयोजित सीबीएसई नॉर्थ ज़ोन-1 (19) बालक तैराकी चैम्पियनशिप 2026-27 के तीसरे दिन शुक्रवार को विभिन्न स्पर्धाओं के विजेता तैराकों को सम्मानित किया गया। आईआईएमटी विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित पदक वितरण समारोह में आईआईएमटी स्कूल्स की प्रबंध संचालिका श्रीमती पियांशु अग्रवाल ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर पियांशु अग्रवाल ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, समर्पण, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि तैराकी जैसे खेल खिलाड़ियों को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाते हैं तथा प्रत्येक प्रतिभागी अपने परिश्रम और खेल भावना के कारण सम्मान का पात्र है।
उन्होंने खिलाड़ियों से हार-जीत से ऊपर उठकर सकारात्मक सोच और निरंतर अभ्यास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि यही गुण उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता दिलाएंगे।
आईआईएमटी एकेडमी की प्रधानाचार्या अलका शर्मा ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यालयों के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और टीम प्रबंधकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आईआईएमटी परिवार के लिए इस प्रतिष्ठित चैम्पियनशिप की मेजबानी गौरव का विषय है और यह प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर मंच प्रदान कर रही है।
आईआईएमटी विश्वविद्यालय परिसर स्थित अत्याधुनिक स्विमिंग पूल में दिनभर चली स्पर्धाओं में तैराकों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित किया। पदक वितरण समारोह में विजेता खिलाड़ियों ने खुशी जताते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों का आभार व्यक्त किया।


No comments:
Post a Comment