बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं का एक ही पटल पर समाधान

विशेष बिल संशोधन कैंप में अब तक 3,980 से अधिक शिकायतें दर्ज, 1912 और व्हाट्सऐप चैटबॉट से घर बैठे शिकायत की सुविधा

मेरठ, 5 अगस्त। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) की ओर से उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए 1 से 31 अगस्त तक विशेष बिल संशोधन कैंप लगाए जा रहे हैं। पश्चिमांचल डिस्कॉम के सभी जनपदों में आयोजित इन शिविरों में उपभोक्ताओं की बिजली संबंधी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर मौके पर ही निस्तारण किया जा रहा है।

कैंप में बिल संशोधन, नए विद्युत कनेक्शन, भार वृद्धि, खराब मीटर, विधा परिवर्तन, टैरिफ श्रेणी परिवर्तन, बिजली बिल जमा करने, मोबाइल नंबर एवं ई-मेल आईडी अपडेट जैसी सुविधाएं एक ही पटल पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अलावा उपभोक्ताओं को UPPCL Smart App डाउनलोड करने और उसके इस्तेमाल की जानकारी भी दी जा रही है।

1912 और व्हाट्सऐप चैटबॉट से घर बैठे शिकायत

पीवीवीएनएल के अधिकारियों ने बताया कि उपभोक्ताओं को शिकायत दर्ज कराने के लिए कार्यालय या शिविर तक आने की जरूरत नहीं है। वे 1912 हेल्पलाइन अथवा 7859804803 व्हाट्सऐप चैटबॉट के माध्यम से घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं और समयबद्ध समाधान प्राप्त कर सकते हैं।

अब तक बड़ी संख्या में शिकायतों का निस्तारण

विशेष बिल संशोधन कैंपों में अब तक 988 गैर-स्मार्ट मीटर और 516 स्मार्ट मीटर से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इसके अतिरिक्त 1912 हेल्पलाइन के माध्यम से 2476 शिकायतें दर्ज की गई हैं।

गैर-स्मार्ट मीटर से संबंधित 988 बिल संशोधन प्रकरणों में से 601 का निस्तारण किया जा चुका है। वहीं स्मार्ट मीटर से जुड़े 516 प्रकरणों में से 284 का समाधान किया गया है।

मीटर संबंधी 327 शिकायतों में से 234 मीटर बदले जा चुके हैं। वहीं टैरिफ परिवर्तन के 70 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनका शत-प्रतिशत निस्तारण कर दिया गया है।

मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी अपडेट से संबंधित 921 प्रकरणों तथा UPPCL Smart App से संबंधित 412 शिकायतों का भी सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया है।

कैंप का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील

पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने निकटतम खंड, उपखंड, सहायक अभियंता या अधिशासी अभियंता कार्यालय में आयोजित विशेष बिल संशोधन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। निगम ने उपभोक्ताओं से बिजली बिल से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए 1912 हेल्पलाइन और 7859804803 व्हाट्सऐप चैटबॉट का भी अधिकाधिक उपयोग करने की अपील की है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts