कांवड़ यात्रा के दौरान नमो भारत कॉरिडोर पर बढ़ेंगी 52 अतिरिक्त ट्रिप्स, हर 8 मिनट में मिलेगी ट्रेन
मेरठ। श्रावण मास की शुरुआत 30 जुलाई से हो रही है। कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने-जाने के कारण दिल्ली-मेरठ क्षेत्र के प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए एनसीआरटीसी ने यात्रियों की सुविधा के लिए नमो भारत कॉरिडोर पर अतिरिक्त ट्रेन सेवाएं संचालित करने का निर्णय लिया है।
एनसीआरटीसी के अनुसार, 30 जुलाई से 14 अगस्त तक नमो भारत कॉरिडोर पर प्रतिदिन 52 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप्स चलाई जाएंगी। अतिरिक्त सेवाओं के शुरू होने के बाद यात्रियों को वर्तमान 10 मिनट के बजाय करीब हर 8 मिनट में नमो भारत ट्रेन उपलब्ध होगी। यह सेवा पूरे कॉरिडोर में सराय काले खां से मोदीपुरम के बीच संचालित की जाएगी। यात्रियों की संख्या और आवश्यकता को देखते हुए ट्रेन की फ्रीक्वेंसी आगे भी बढ़ाई जा सकती है।
वर्तमान में नमो भारत कॉरिडोर पर प्रतिदिन औसतन करीब एक लाख यात्री सफर कर रहे हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान यात्रियों की संख्या में संभावित वृद्धि को देखते हुए यह अतिरिक्त सेवा शुरू की जा रही है। पूरे कॉरिडोर पर नमो भारत के साथ मेरठ साउथ से मोदीपुरम के बीच मेरठ मेट्रो की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे शहर के अंदर यात्रियों को सुगम परिवहन सुविधा मिलती है।
कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था के लिए कई मार्गों पर वाहनों का आवागमन एक तरफ किया जाता है या कुछ मार्गों को आवश्यकता के अनुसार पूरी तरह बंद किया जाता है। ऐसे में सड़क मार्ग पर यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना रहती है। एनसीआरटीसी के अनुसार, नमो भारत अपनी तेज गति, समयबद्धता और विश्वसनीयता के कारण इस दौरान दैनिक यात्रियों, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों के लिए सुविधाजनक परिवहन विकल्प साबित हो सकती है।
कांवड़ यात्रा के दौरान सड़क बंद होने की स्थिति में कुछ नमो भारत स्टेशनों पर पार्किंग सुविधा भी अस्थायी रूप से प्रभावित हो सकती है। ऐसी स्थिति में एनसीआरटीसी की ओर से यात्रियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। दिल्ली में सीआईएसएफ और उत्तर प्रदेश में यूपीएसएसएफ के सहयोग से यात्रियों को कम से कम असुविधा सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा और संचालन व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।


No comments:
Post a Comment