कृषि विवि के दीक्षांत समारोह में 450 विद्यार्थियों को प्रदान की गई उपाधियां
शोर मचाने वाले शोधार्थियों को राज्यपाल ने मंच पर बुलाया, पूछा- समस्या क्या है?
मेरठ में कृषि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में अनुशासन की नसीहत, 450 विद्यार्थियों को मिली डिग्री
मेरठ। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, मेरठ के 19वें दीक्षांत समारोह में उस समय माहौल गंभीर हो गया, जब कुछ पीएचडी शोधार्थियों के शोर करने पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने नाराजगी जताई। उन्होंने कार्यक्रम रुकवाकर शोर कर रहे पांच शोधार्थियों को मंच पर बुलाया और उनसे समस्या पूछी।
आचार्य बालकृष्ण के संबोधन के दौरान कुछ शोधार्थियों के बीच बातचीत और शोर की आवाज आने लगी। इस पर राज्यपाल ने संबोधन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्रों से कहा कि इतना गरिमापूर्ण कार्यक्रम चल रहा है और इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है। उन्होंने छात्रों को समारोह की मर्यादा बनाए रखने और अनुशासन का पालन करने की सलाह दी।राज्यपाल की समझाइश के बाद समारोह दोबारा शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ा।
450 विद्यार्थियों को प्रदान की गई उपाधियां
दीक्षांत समारोह में कुल 450 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। इनमें 327 स्नातक, 65 स्नातकोत्तर और 58 पीएचडी शोधार्थी शामिल रहे। विभिन्न संकायों के मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदकों से सम्मानित किया गया।
बीएससी कृषि में शिवम यादव, बीएससी उद्यानिकी में मान्या सिंह और बीवीएससी एंड एएच में आशुतोष शर्मा को प्रमुख स्वर्ण पदक प्रदान किए गए। कृषि अभियांत्रिकी, जैव प्रौद्योगिकी, फूड टेक्नोलॉजी और शुगरकेन साइंस एंड टेक्नोलॉजी के उत्कृष्ट विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दिखी प्रतिभा
समारोह में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। प्राथमिक विद्यालय के बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
इस अवसर पर बागपत की पांच आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को आंगनबाड़ी किट वितरित की गई। साथ ही दीक्षोत्सव प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया।


No comments:
Post a Comment