कांवड़ यात्रा में 24 घंटे मिलेगी स्वास्थ्य सेवा, रूट पर दौड़ेंगी 16 बाइक एंबुलेंस
मेरठ में स्वास्थ्य विभाग का माइक्रो प्लान तैयार, 100 डॉक्टर और 350 स्वास्थ्यकर्मी रहेंगे तैनात
मेरठ।कांवड़ यात्रा को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने श्रद्धालुओं को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए विशेष तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बार कांवड़ मार्गों पर 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में तत्काल उपचार पहुंचाने के लिए पहली बार जिले में 16 बाइक एंबुलेंस तैनात की जाएंगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रसाद ने बताया कि भारी भीड़ के कारण कई बार चारपहिया एंबुलेंस को घटनास्थल तक पहुंचने में समय लग जाता है। इसी समस्या को देखते हुए बाइक एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक बाइक एंबुलेंस पर प्रशिक्षित पैरामेडिकल स्टाफ तैनात रहेगा, जो प्राथमिक उपचार के लिए जरूरी दवाओं और उपकरणों से लैस होगा।
उन्होंने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में बाइक एंबुलेंस के माध्यम से मौके पर ही प्राथमिक उपचार शुरू किया जाएगा। गंभीर मरीजों को बाद में चारपहिया एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया जाएगा।
32 हेल्थ बूथों पर 24 घंटे तैनाती
कांवड़ मार्गों पर कुल 32 हेल्थ बूथ स्थापित किए जाएंगे। इन बूथों पर चिकित्सक, फार्मासिस्ट और स्वास्थ्यकर्मी 24 घंटे उपलब्ध रहेंगे। श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी भी समय स्वास्थ्य संबंधी सहायता मिल सकेगी।
100 डॉक्टर और 350 स्वास्थ्यकर्मी संभालेंगे मोर्चा
कांवड़ मेले के दौरान स्वास्थ्य विभाग ने 100 चिकित्सकों और 350 स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी लगाई है। इसके अलावा सरकारी और निजी अस्पतालों में कांवड़ियों के लिए अलग से वार्ड और विशेष चिकित्सा व्यवस्था आरक्षित रखी जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि इस बार पूरा फोकस भीड़ वाले मार्गों पर तुरंत चिकित्सा सहायता पहुंचाने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने पर रहेगा।


No comments:
Post a Comment