तिलक पत्रकारिता एवं जनसंचार स्कूल में इंटरनेशनल स्कूल के 39 विद्यार्थियों ने किया शैक्षणिक भ्रमण

रेडियो-टीवी स्टूडियो, कंप्यूटर लैब, लाइब्रेरी और ओपन थिएटर का किया भ्रमण, मीडिया के कामकाज की बारीकियां जानीं

मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के तिलक पत्रकारिता एवं जनसंचार स्कूल में मंगलवार को इंटरनेशनल स्कूल, मेरठ के 39 विद्यार्थियों ने शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने पत्रकारिता एवं जनसंचार के क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों और आधुनिक मीडिया तकनीकों को करीब से समझा।

विद्यार्थियों ने स्कूल के रेडियो स्टूडियो, टेलीविजन स्टूडियो, कंप्यूटर लैब, लाइब्रेरी और ओपन थिएटर का भ्रमण किया। शिक्षकों एवं विशेषज्ञों ने उन्हें रेडियो प्रसारण की प्रक्रिया, कार्यक्रम निर्माण, रिकॉर्डिंग और प्रसारण के बारे में जानकारी दी। इसके अलावा टेलीविजन स्टूडियो में समाचार एवं अन्य कार्यक्रमों के निर्माण की प्रक्रिया भी समझाई गई।

विद्यार्थियों को बताया गया कि टीवी न्यूज चैनल पर प्रसारित होने वाली खबर के पीछे समाचार संकलन, लेखन, रिपोर्टिंग, एंकरिंग, वॉयस ओवर, कैमरा संचालन, वीडियो शूटिंग और एडिटिंग समेत कई स्तरों पर काम होता है। विद्यार्थियों ने स्टूडियो में कैमरा, माइक्रोफोन, लाइटिंग और अन्य तकनीकी उपकरणों के इस्तेमाल की प्रक्रिया को भी देखा। स्टूडियो और वीडियो एडिटिंग की कार्यप्रणाली देखकर विद्यार्थी खासे उत्साहित नजर आए।

विद्यार्थियों के साथ आए शिक्षकों ने तिलक पत्रकारिता एवं जनसंचार स्कूल की सुविधाओं और व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों को किताबों में पढ़ी जाने वाली चीजों को व्यावहारिक रूप से समझने का अवसर मिलता है।

इस अवसर पर स्कूल की शिक्षिका डॉ. दीपिका वर्मा ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि पत्रकारिता एवं जनसंचार तेजी से विकसित होने वाला व्यापक क्षेत्र है। डिजिटल मीडिया, टेलीविजन, रेडियो, सोशल मीडिया, फिल्म, विज्ञापन, जनसंपर्क और कंटेंट क्रिएशन के क्षेत्र में युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं। विद्यार्थी अपनी रचनात्मकता, तकनीकी दक्षता और संचार कौशल के जरिए स्वयं का डिजिटल प्लेटफॉर्म, प्रोडक्शन हाउस, यूट्यूब चैनल या पॉडकास्ट भी शुरू कर सकते हैं।

विभागाध्यक्ष डॉ. श्रीवास्तव ने कहा कि मीडिया के क्षेत्र में सफलता के लिए किताबी ज्ञान के साथ तकनीकी जानकारी, भाषा पर पकड़, रचनात्मक सोच, टीमवर्क और व्यावहारिक अनुभव भी जरूरी है। ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को मीडिया की वास्तविक कार्यप्रणाली समझने और भविष्य में करियर का बेहतर चुनाव करने में मदद करते हैं।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने लाइब्रेरी में पत्रकारिता एवं जनसंचार से संबंधित पुस्तकों और अध्ययन सामग्री की जानकारी ली। इसके बाद कंप्यूटर लैब और ओपन थिएटर का भी भ्रमण किया। अंत में विद्यार्थियों और उनके शिक्षकों ने तिलक पत्रकारिता एवं जनसंचार स्कूल के शिक्षकों तथा विश्वविद्यालय प्रशासन का आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों ने भ्रमण को ज्ञानवर्धक, रोचक और यादगार अनुभव बताया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts