यूपी के 34 खेल छात्रावासों में 40 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी बनेंगे प्रशिक्षक, हर माह मिलेगा ₹1.50 लाख मानदेय
16 खेलों में प्रशिक्षण के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों से 14 अगस्त तक मांगे आवेदन
लखनऊ। खेल निदेशालय,ने प्रदेश के 34 आवासीय क्रीड़ा छात्रावासों में खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए 40 अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण कार्य से जोड़ने की स्वीकृति प्रदान की गई है। चयनित खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने के लिए प्रत्येक को प्रति माह ₹1.50 लाख मानदेय दिया जाएगा।
यह पहल वर्ष 2026-27 के लिए खेल विभाग के अंतर्गत विभिन्न जनपदों में संचालित 34 आवासीय क्रीड़ा छात्रावासों के लिए की जा रही है। इसके तहत कुल 16 खेलों में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी या प्रशिक्षक तैनात किए जाएंगे।
इन खेलों में हॉकी, तैराकी, वॉलीबॉल, जिम्नास्टिक, एथलेटिक्स, क्रिकेट, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, फुटबॉल, बास्केटबॉल, कबड्डी, कुश्ती, बॉक्सिंग, जूडो, हैंडबॉल और तीरंदाजी शामिल हैं।
14 अगस्त तक जमा होंगे आवेदन
खेल विभाग की ओर से इच्छुक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों से निर्धारित प्रारूप में आवेदन मांगे गए हैं। आवेदकों को आवेदन पत्र की दो प्रतियां संबंधित कार्यालय में 14 अगस्त 2026 की शाम 4 बजे तक उपलब्ध करानी होंगी।
ये खिलाड़ी होंगे पात्र
आवेदन के लिए वही अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी पात्र होंगे, जिन्होंने ओलंपिक गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स, विश्व कप या विश्व चैंपियनशिप जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया हो। इसके साथ ही आवेदक की न्यूनतम शैक्षिक योग्यता स्नातक निर्धारित की गई है।
खेल विभाग के अनुसार, चयनित अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को प्रदेश के विभिन्न जनपदों में स्थित आवासीय क्रीड़ा छात्रावासों में प्रशिक्षण की जिम्मेदारी दी जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप और पात्रता संबंधी अधिक जानकारी के लिए संबंधित कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
.jpg)

No comments:
Post a Comment