पैरा एथलीट्स कर सकेंगे बड़े टूर्नामेंट की बेहतर तैयारी, SBI Life बनी भारतीय पैरालंपिक दल की प्रिंसिपल पार्टनर
ग्लासगो राष्ट्रमंडल पैरा खेल और आइची-नागोया एशियाई पैरा खेल के लिए भी भारतीय टीम की ऑफिशियल लाइफ इंश्योरेंस पार्टनर होगी कंपनी
नई दिल्ली/मेरठ जुलाई 2026। बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट से पहले खिलाड़ियों को सही सहयोग और प्रोत्साहन मिलने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और वे अपनी तैयारियों पर बेहतर तरीके से ध्यान केंद्रित कर पाते हैं। इसी उद्देश्य के तहत एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस ने भारतीय पैरालंपिक समिति (पीसीआई) के साथ अपनी साझेदारी को आगे बढ़ाया है।
साझेदारी के तहत एसबीआई लाइफ वर्ष 2026 के पैरा स्पोर्ट्स सीजन में भारतीय पैरालंपिक दल की प्रिंसिपल पार्टनर होगी। इसके अलावा, कंपनी ग्लासगो में आयोजित होने वाले राष्ट्रमंडल पैरा खेल 2026 और जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियाई पैरा खेल 2026 के लिए भारतीय टीम की ऑफिशियल लाइफ इंश्योरेंस पार्टनर भी रहेगी।
इससे पहले भी एसबीआई लाइफ ने पेरिस पैरालंपिक 2024 के दौरान भारतीय पैरा एथलीट्स का समर्थन किया था। अब कंपनी का उद्देश्य भारतीय पैरा खिलाड़ियों की मेहनत, संघर्ष और उपलब्धियों की कहानियों को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाना है, ताकि देश के युवा और अन्य लोग उनसे प्रेरणा ले सकें।
एसबीआई लाइफ के चीफ, ब्रांड, कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन एवं सीएसआर रवींद्र शर्मा ने कहा कि भारतीय पैरा एथलीट्स अपने हौसले, समर्पण और कड़ी मेहनत से यह साबित कर रहे हैं कि मजबूत इच्छाशक्ति के सामने कोई भी चुनौती बड़ी नहीं होती।
वहीं, भारतीय पैरालंपिक समिति के अध्यक्ष देवेंद्र झाझरिया ने कहा कि इस तरह का सहयोग खिलाड़ियों को बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के लिए बेहतर तैयारी करने और वैश्विक मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने का आत्मविश्वास देता है।
यह साझेदारी केवल खिलाड़ियों को समर्थन देने तक सीमित नहीं है, बल्कि भारत में पैरा खेलों को बढ़ावा देने और नई प्रतिभाओं को खेलों की ओर आकर्षित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


No comments:
Post a Comment