मेरठ में 2 घंटे तक झमाझम बारिश, 50 से अधिक इलाकों में जलभराव; सड़क पर बंद हुईं बाइकें
तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित, नगर निगम परिसर में भी भरा एक फीट तक पानी; गर्मी से मिली राहत
मेरठ, 28 जुलाई। मेरठ में मंगलवार सुबह मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया। करीब 9 बजे अचानक मौसम बदला और तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। करीब दो घंटे तक हुई बारिश से शहर के 50 से अधिक इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। कई स्थानों पर सड़कें पानी में डूब गईं, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश के दौरान कई लोगों की बाइक और स्कूटी पानी में बंद हो गईं। इसके बाद लोग वाहनों को धक्का देकर अपने घरों तक ले जाते नजर आए। वहीं, ऑफिस और स्कूल जाने वाले लोगों को भी बारिश और जलभराव के कारण काफी परेशानी उठानी पड़ी।
कार्यालय परिसर में भी भरा पानी
तेज बारिश का असर नगर निगम कार्यालय, जिला महिला अस्पताल , जिला अस्पताल, घंटाघर , खैर नगर , एसएसपी कार्यालय, डीएम कार्यालय, परिसर में भी देखने को मिला। यहां करीब एक फीट तक पानी भर गया। इससे कर्मचारियों और वहां आने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।शहर के कई निचले इलाकों और प्रमुख मार्गों पर जलभराव के कारण यातायात प्रभावित हुआ। बारिश के दौरान लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा।हालांकि, लगातार बारिश के बाद लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। मौसम सुहावना होने से लोगों ने राहत की सांस ली।
मौसम विभाग के अनुसार, मेरठ में 1 जून से अब तक सामान्य से करीब 87 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। मानसून की सक्रियता को देखते हुए आने वाले दिनों में भी बारिश की संभावना बनी हुई है।



No comments:
Post a Comment