उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक का पहली तिमाही में ₹317 करोड़ का मुनाफा, वित्त वर्ष 2027 के लिए ROA गाइडेंस बढ़ाई
मेरठ। उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक लिमिटेड ने जून 2026 में समाप्त पहली तिमाही (Q1 FY27) के वित्तीय परिणाम जारी करते हुए मजबूत कारोबारी प्रदर्शन दर्ज किया है। बैंक का शुद्ध लाभ (PAT) ₹317 करोड़ रहा, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 206.7% अधिक है। बेहतर प्रदर्शन के आधार पर बैंक ने वित्त वर्ष 2027 के लिए रिटर्न ऑन एसेट्स (ROA) गाइडेंस को बढ़ाकर 1.8% से 2.0% कर दिया है।
बैंक की कार्यकारी निदेशक कैरोल फर्टाडो ने कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था स्थिर बनी हुई है। बैंक ने शाखा विस्तार के साथ अपने कारोबार में निरंतर वृद्धि दर्ज की है। जून 2026 तक बैंक की शाखाओं की संख्या बढ़कर 814 हो गई है।
बैंक के कुल जमा (डिपॉजिट) सालाना आधार पर 24.6% बढ़कर ₹48,129 करोड़ हो गए, जबकि सकल ऋण (ग्रॉस एडवांस) 28.9% की वृद्धि के साथ ₹42,903 करोड़ पर पहुंच गया। वहीं, CASA जमा 37.8% बढ़कर ₹12,930 करोड़ हो गया।
पहली तिमाही में बैंक का सुरक्षित ऋण पोर्टफोलियो 42.7% बढ़कर ₹21,638 करोड़ हो गया, जो कुल ऋण पोर्टफोलियो का 50.4% है। आवास ऋण 40.8% बढ़कर ₹11,210 करोड़ और एमएसएमई ऋण 54% बढ़कर ₹3,470 करोड़ पहुंच गया। वाहन और स्वर्ण ऋण पोर्टफोलियो ने भी ₹1,000 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया।
बैंक की परिसंपत्ति गुणवत्ता में भी सुधार दर्ज किया गया। सकल एनपीए (GNPA) घटकर 2.17% और शुद्ध एनपीए (NNPA) 0.34% पर आ गया, जबकि प्रोविजन कवरेज अनुपात बढ़कर 85% हो गया।
वित्तीय प्रदर्शन के मोर्चे पर शुद्ध ब्याज आय (NII) रिकॉर्ड ₹1,186 करोड़ रही और शुद्ध ब्याज मार्जिन (NIM) बढ़कर 8.5% हो गया। बैंक का रिटर्न ऑन एसेट्स (ROA) 2.2% और रिटर्न ऑन इक्विटी (ROE) 18.2% दर्ज किया गया।
बैंक ने कहा कि विभिन्न परिसंपत्ति वर्गों में मजबूत प्रदर्शन को देखते हुए उसे वित्त वर्ष 2027 में 25% परिसंपत्ति वृद्धि का लक्ष्य हासिल करने का भरोसा है। साथ ही, शाखा विस्तार, ब्रांडिंग, तकनीक और एनालिटिक्स में निवेश जारी रहेगा, जबकि परिचालन व्यय औसत परिसंपत्तियों के करीब 6.4% रहने का अनुमान है, जो पहले के अनुमान से कम है।


No comments:
Post a Comment