अमेरिका-ईरान तनाव फिर चरम पर:
होर्मुज में 3 जहाजों पर हमले के बाद US की एयरस्ट्राइक
तेहरान,एजेंसी। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। अमेरिका ने बुधवार रात ईरान के दक्षिणी हिस्सों में कई सैन्य ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार, यह कार्रवाई स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजर रहे तीन कमर्शियल जहाजों पर हुए हमलों के जवाब में की गई।
अमेरिका का आरोप है कि ईरान ने अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग में नागरिकों वाले कमर्शियल जहाजों को निशाना बनाया, जो युद्धविराम का उल्लंघन और वैश्विक समुद्री सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। CENTCOM ने कहा कि जहाजों पर हमले की ईरान को "भारी कीमत" चुकानी होगी।
अमेरिकी हमलों में ईरान के केशम द्वीप, बंदर अब्बास और सीरिक क्षेत्र के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया। रिपोर्टों के मुताबिक, एयर डिफेंस सिस्टम, कोस्टल सर्विलांस सिस्टम, सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलें, एंटी-शिप क्रूज मिसाइलें और ड्रोन लॉन्च साइट्स पर हमले किए गए।
ईरानी सरकारी मीडिया ने दक्षिणी इलाकों में कई धमाकों की पुष्टि की है और बताया कि हमलों में कई लोग घायल हुए हैं। हालांकि, नुकसान का पूरा आकलन अभी सामने नहीं आया है। वहीं, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने अपना इराक दौरा बीच में छोड़कर तत्काल तेहरान लौटने का फैसला किया है।
इस घटनाक्रम के बाद दोनों देशों के बीच जारी शांति वार्ता पर भी संकट गहरा गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में बढ़ता तनाव वैश्विक तेल आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार पर भी असर डाल सकता है।


No comments:
Post a Comment