मेरठ में 6 घंटे की बारिश से जलभराव, अंडरपास में फंसी स्कूल बस; नगर निगम की तैयारियों पर उठे सवाल
मेरठ: मंगलवार को करीब छह घंटे तक हुई लगातार बारिश ने जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी, वहीं शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल भी खोल दी। बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव हो गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सबसे अधिक दिक्कत वार्ड-8 स्थित नूर नगर हाल्ट रेलवे स्टेशन के पास बने अंडरपास में देखने को मिली। यहां बारिश का पानी भर जाने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। जलभराव के बीच बीआईटी ग्लोबल स्कूल की एक बस फंस गई, जबकि कई बाइक और कार चालक भी बीच रास्ते में अटक गए। स्थानीय लोगों की मदद से कुछ वाहनों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में स्कूल बस पानी में फंसी हुई दिखाई दे रही है, जबकि दो बाइक सवार जलभराव के बीच से निकलने का प्रयास करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद नगर निगम की मानसून तैयारियों और जल निकासी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि अंडरपास में पानी भरने की समस्या हर साल बरसात के दौरान सामने आती है। कई बार शिकायतें करने के बावजूद अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया है। लोगों ने नगर निगम से तत्काल जल निकासी कराने और भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
बारिश से मौसम सुहाना हो गया, लेकिन जलभराव के कारण शहर के कई हिस्सों में जनजीवन और यातायात प्रभावित रहा। अब लोगों की नजरें नगर निगम की कार्रवाई पर टिकी हैं कि अंडरपास से पानी कब तक निकाला जाएगा और भविष्य में इस समस्या के समाधान के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे।


No comments:
Post a Comment