सूबेदार को कुचलने वाला निकला कपड़ा कारोबारी का बेटा,24 घंटे में पुलिस ने दबोचा
हादसे में इस्तेमाल कार सीज; सेना के सूबेदार की हुई थी मौत
मेरठ। लालकुर्ती थाना पुलिस ने सेना के सूबेदार को टक्कर मारकर फरार हुए वोल्वो कार चालक को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हादसे में इस्तेमाल वोल्वो कार को भी बरामद कर सीज कर दिया है। आरोपी शहर के एक कपड़ा कारोबारी का बेटा बताया जा रहा है। मृतक सूबेदार के बेटे की तहरीर पर दर्ज मुकदमे के आधार पर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
सोमवार शाम सेना की 2 सिग्नल कोर यूनिट में तैनात सूबेदार अरविंद कुमार झा स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे। रुड़की रोड स्थित एमईएस मेट्रो स्टेशन के पास यू-टर्न लेते समय पीछे से तेज रफ्तार वोल्वो कार ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सूबेदार सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
मिलिट्री अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सेना के जवानों और परिजनों को घटना की जानकारी मिली तो वे भी मौके पर पहुंच गए। घायल सूबेदार को तत्काल मिलिट्री अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के बेटे योगेश कुमार झा की तहरीर पर लालकुर्ती थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने कुछ ही घंटों में हादसे में शामिल वोल्वो कार और उसके मालिक की पहचान कर ली।
साकेत निवासी गुरशान गिरफ्तार
लालकुर्ती थाना प्रभारी हरेंद्र पाल सिंह के मुताबिक, आरोपी की पहचान साकेत निवासी गुरशान पुत्र रणदीप के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी शहर के एक कपड़ा कारोबारी का बेटा है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर हादसे में इस्तेमाल वोल्वो कार को सीज कर दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


No comments:
Post a Comment