सीसीएसयू ने बढ़ाई प्रवेश पंजीकरण की अंतिम तिथि, अब 20 जुलाई तक कर सकेंगे आवेदन
वेबसाइट पर तकनीकी दिक्कत और छात्रों की मांग के बाद विश्वविद्यालय का फैसला
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) ने स्नातक (यूजी) और स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 10 जुलाई से बढ़ाकर 20 जुलाई कर दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह निर्णय छात्रों की मांग और वेबसाइट पर आई तकनीकी समस्याओं को देखते हुए लिया है।
विश्वविद्यालय के प्रवेश समन्वयक प्रो. भूपेंद्र सिंह ने बताया कि अब यूजी और पीजी दोनों पाठ्यक्रमों के अभ्यर्थी 20 जुलाई तक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे। जिन छात्रों के आवेदन पत्र में किसी प्रकार की त्रुटि रह गई है, उन्हें भी इसी अवधि में संशोधन का अवसर दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसके बाद पंजीकरण की तिथि आगे नहीं बढ़ाई जाएगी।
विश्वविद्यालय के अनुसार शुक्रवार शाम तक यूजी और पीजी पाठ्यक्रमों के लिए कुल 1,40,261 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया, जबकि 1,15,111 छात्र-छात्राओं ने आवेदन शुल्क जमा कर अपनी आवेदन प्रक्रिया पूरी कर ली है। यूजी पाठ्यक्रमों के लिए पंजीकरण 5 मई से तथा पीजी पाठ्यक्रमों के लिए 17 जून से चल रहे हैं।
छात्रों का कहना था कि पिछले दो दिनों के दौरान विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर तकनीकी समस्याओं के कारण अनेक अभ्यर्थी समय पर आवेदन पूरा नहीं कर सके। इसी को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय ने आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने का निर्णय लिया।
अब पंजीकरण अवधि बढ़ने के कारण संबद्ध कॉलेजों और संस्थानों में प्रवेश प्रक्रिया जुलाई के अंतिम सप्ताह में शुरू होने की संभावना है। विश्वविद्यालय का 38वां दीक्षांत समारोह 22 जुलाई को प्रस्तावित है, जिसके बाद प्रवेश प्रक्रिया को गति दी जाएगी।


No comments:
Post a Comment