शोभित विश्वविद्यालय में ‘प्रज्ञा 2026’ के प्रथम दिवस विविध कार्यक्रमों का आयोजन
शिक्षा, स्वास्थ्य, अनुसंधान और सामाजिक सरोकारों के माध्यम से ‘सतत एवं समृद्ध समुदायों की ओर’ बढ़ने का संकल्प
मेरठ, 23 जुलाई। शोभित विश्वविद्यालय, मेरठ में विश्वविद्यालय दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित दो दिवसीय समारोह ‘प्रज्ञा 2026’ का गुरुवार को शुभारंभ हुआ। विश्वविद्यालय दिवस प्रतिवर्ष 24 जुलाई को विश्वविद्यालय के सह-संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. शोभित कुमार के जन्मदिवस के अवसर पर मनाया जाता है। समारोह का उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य, अनुसंधान और सामाजिक सरोकारों के माध्यम से सतत एवं समृद्ध समुदायों के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ना है।
समारोह के प्रथम दिवस का शुभारंभ विश्वविद्यालय परिसर में गणेश पूजन एवं सरस्वती पूजन के साथ हुआ। इसके बाद विश्वविद्यालय के विभिन्न विद्यालयों और विभागों की ओर से शिक्षा, स्वास्थ्य, मानसिक कल्याण, कृषि, मृदा संरक्षण, जैव प्रौद्योगिकी, अनुसंधान और तकनीकी शिक्षा से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति कुंवर शेखर विजेंद्र ने शोभित विश्वविद्यालय परिवार को ‘प्रज्ञा 2026’ के प्रथम दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रज्ञा केवल विश्वविद्यालय दिवस का उत्सव नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय के सह-संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. शोभित कुमार के दूरदर्शी विचार और आजीवन संकल्प की अभिव्यक्ति है। इसका उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को प्रत्येक प्रतिभाशाली और मेहनती युवा के लिए सुलभ, किफायती और परिवर्तनकारी बनाना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का सर्वोच्च उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और ग्रामीण युवाओं को भी आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. वीके त्यागी ने कहा कि ‘प्रज्ञा 2026’ शिक्षा, अनुसंधान और सामाजिक उत्तरदायित्व को एक साथ जोड़ने वाली सार्थक पहल है। विश्वविद्यालय का प्रयास है कि ज्ञान, नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे और विद्यार्थी समाज एवं राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।
मानसिक स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक
नाइस स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज के सेंटर फॉर साइकोलॉजी एंड ह्यूमन बिहेवियर की ओर से एसआर इंटरनेशनल स्कूल, मेरठ में मनोविज्ञान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को ‘आप अकेले नहीं हैं’ संदेश के साथ मानसिक स्वास्थ्य, साइबर मनोविज्ञान, तनाव प्रबंधन और जीवन में प्रसन्नता के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
ग्रामीणों को स्वास्थ्य और स्वच्छता की जानकारी
स्कूल ऑफ बायोमेडिकल इंजीनियरिंग एंड हेल्थ साइंसेज की ओर से मावी मीरा गांव में स्वास्थ्य जागरूकता शिविर लगाया गया। ग्रामीणों को स्वच्छता, पोषण, जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों और निवारक स्वास्थ्य देखभाल के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान रक्तचाप, नाड़ी और बॉडी मास इंडेक्स की प्राथमिक जांच के साथ फिजियोथेरेपी परामर्श भी प्रदान किया गया।
किसानों को वैज्ञानिक मृदा प्रबंधन की जानकारी
स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर एंड एनवायरनमेंटल साइंसेज की ओर से मावी मीरा गांव में मृदा स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इसमें किसानों को वैज्ञानिक मृदा प्रबंधन, मृदा उर्वरता, फसल उत्पादकता और सतत कृषि के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
अनुसंधान और तकनीकी शिक्षा पर जोर
स्कूल ऑफ बायोटेक्नोलॉजी एंड लाइफ साइंसेज की ओर से डीएमए स्कूल में ‘अनुसंधान की जड़ों की ओर’ कार्यक्रम के तहत ‘प्राचीन भारत और जैव प्रौद्योगिकी’ विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को भारत की समृद्ध वैज्ञानिक परंपरा से परिचित कराने के साथ अनुसंधान और नवाचार के लिए प्रेरित किया गया।
वहीं, ‘भविष्य के लिए कोडिंग’ पहल के तहत तक्षशिला पब्लिक स्कूल और ट्रांसलम अकादमी में विद्यार्थियों के लिए कोडिंग प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया।
शिक्षकों ने खेल गतिविधियों में लिया हिस्सा
विश्वविद्यालय के शिक्षकों के लिए विभिन्न खेल एवं मनोरंजक गतिविधियां भी आयोजित की गईं। म्यूजिकल चेयर, रस्साकशी और शिक्षक प्रश्नोत्तरी जैसी गतिविधियों में शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे विश्वविद्यालय परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।
‘प्रज्ञा 2026’ के माध्यम से शोभित विश्वविद्यालय ने शिक्षा को समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाने और प्रतिभा को भौगोलिक सीमाओं से मुक्त अवसर देने का संदेश दिया। विश्वविद्यालय दिवस समारोह का दूसरा दिन 24 जुलाई को विभिन्न विशेष कार्यक्रमों और गतिविधियों के साथ आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, शिक्षक और अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment