कल  से सीबीएसई नॉर्थ जोन बालक तैराकी प्रतियोगिता, 200 स्कूलों के 1000 तैराक लेंगे हिस्सा

मेरठ। आईआईएमटी एकेडमी, मेरठ के तत्वावधान में 19वीं सीबीएसई नॉर्थ जोन प्रथम 2026 (बालक वर्ग) तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन 29 जुलाई से 1 अगस्त तक आईआईएमटी विश्वविद्यालय परिसर स्थित अत्याधुनिक स्विमिंग पूल में होगा। प्रतियोगिता को लेकर सोमवार को आईआईएमटी विश्वविद्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में आयोजन की विस्तृत जानकारी दी गई।

आईआईएमटी समूह के प्रबंध निदेशक डॉ. मयंक अग्रवाल ने कहा कि यह प्रतियोगिता युवा तैराकों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का सशक्त मंच प्रदान करेगी और खेल संस्कृति को बढ़ावा देगी। आईआईएमटी स्कूल्स की प्रबंध निदेशिका पियांशु अग्रवाल ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और नोएडा रीजन के करीब 200 विद्यालयों के लगभग 1000 बालक तैराक भाग लेंगे। इनमें मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, देहरादून, हरिद्वार, रुड़की, हल्द्वानी, मुरादाबाद, बरेली, सहारनपुर, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, ऋषिकेश सहित विभिन्न शहरों के प्रतिष्ठित विद्यालय शामिल होंगे।

आईआईएमटी एकेडमी की प्रधानाचार्य अलका शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में 11, 14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों के बीच 21 स्पर्धाएं आयोजित होंगी। इनमें फ्रीस्टाइल, बैकस्ट्रोक, बटरफ्लाई, मेडले तथा विभिन्न रिले प्रतियोगिताएं शामिल हैं। खिलाड़ी 50, 200, 400, 800 और 1500 मीटर की स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के मुख्य रेफरी सुदेश देशवाल होंगे।

उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, सुरक्षा, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाओं की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पत्रकार वार्ता में नीरज विक्टर डेविस, अभय धामा, दीपशिखा बैंथम, स्पोर्ट्स ऑफिसर राहुल कुमार, मीडिया प्रभारी सुनील शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts