जे.पी. एकेडमी में राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस की शिक्षक कार्यशाला आयोजित
मेरठ। जे.पी. एकेडमी, मेरठ में राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस (NCSC) की एक दिवसीय शिक्षक कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन जे.पी. ग्रुप के निदेशक जाखड़ जी ने किया। कार्यशाला की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव शर्मा ने की।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में राज्य समन्वयक दीपक शर्मा मौजूद रहे। उन्होंने शिक्षकों को संबोधित करते हुए बाल वैज्ञानिकों में अनुसंधान, नवाचार और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने शिक्षकों को प्रोजेक्ट तैयार करने की बारीकियों और कार्यप्रणाली की विस्तार से जानकारी दी। कार्यशाला में अपशिष्ट प्रबंधन, नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों का अन्वेषण, जल संरक्षण एवं प्रबंधन, भोजन-स्वास्थ्य एवं कृषि तथा सतत विकास के लिए भारतीय ज्ञान प्रणाली के अनुप्रयोग जैसे विषयों पर प्रोजेक्ट तैयार करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यशाला का संचालन जिला समन्वयक संजना जेराल्ड और जिला एकेडमिक समन्वयक रुचिरा चंदेल ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर जिला आयोजन समिति की ओर से मेरठ के विभिन्न ब्लॉकों के लिए ब्लॉक समन्वयकों का चयन भी किया गया। खरखौदा से अग्रिम सिंह और सुमन लता, मेरठ से सब नूर, रजपुरा से उषा, दौराला से प्रीति, मवाना से अरविंद, परीक्षितगढ़ से महेश गुप्ता और दुष्यंत कुमार, सरूरपुर से शुभम कुमार, हस्तिनापुर से शिवांगी गोयल, जानी से कीर्ति गोयल, माछरा से रेणु सिंह, सरधना से अंजू और रोहटा से अनुराधा मलिक को ब्लॉक समन्वयक बनाया गया।
चयनित ब्लॉक समन्वयक अपने-अपने ब्लॉकों से उत्कृष्ट प्रोजेक्ट का चयन कर उन्हें जनपद स्तर पर भेजेंगे। इससे विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
जिला समन्वयक संजना जेराल्ड ने बताया कि राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के आधिकारिक पोर्टल पर पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब छात्र 31 जुलाई के बजाय 15 अगस्त तक अपना पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण के बाद बाल वैज्ञानिक अपने प्रोजेक्ट पोर्टल पर जमा कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का जनपदीय आयोजन आगामी 3 और 4 नवंबर को जे.पी. एकेडमी में ही आयोजित किया जाएगा। कार्यशाला के दौरान शिक्षकों से बाल वैज्ञानिकों को प्रोत्साहित करने और उत्कृष्ट वैज्ञानिक प्रोजेक्ट तैयार कराने का आह्वान किया गया।


No comments:
Post a Comment