12 फीट से ऊंची कांवड़ और तेज डीजे पर होगी कार्रवाई
मेरठ में कांवड़ यात्रा को लेकर सख्त गाइडलाइन जारी
मेरठ। कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस और प्रशासन ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। नई गाइडलाइन के अनुसार डाक कांवड़ की अधिकतम ऊंचाई 12 फीट निर्धारित की गई है, जबकि डीजे की आवाज 75 डेसिबल से अधिक होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा के लिए एडीजी भानु भास्कर, डीआईजी कलानिधि नैथानी और एसएसपी अविनाश पांडेय ने पुलिस लाइन स्थित कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए।
यात्रा मार्ग की निगरानी के लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों का व्यापक इस्तेमाल किया जाएगा। साथ ही भारी और हल्के वाहनों के लिए समय रहते रूट डायवर्जन लागू कर आम लोगों को जाम से बचाने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखने का फैसला किया है। अफवाह फैलाने वाले और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग पर शिविरों और ढाबों में स्वच्छता सुनिश्चित करने, बिजली के खंभों पर सुरक्षा के लिए पन्नी चढ़ाने तथा पिछली बार सामने आई कमियों को इस बार दूर करने के निर्देश भी दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment