मेरठ में 12 लाख की कथित नकली ब्रांडेड वायर जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार
मेरठ, प्रतिनिधि। रेलवे रोड थाना पुलिस और एक निजी कंपनी की जांच टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब ₹11 से 12 लाख मूल्य की कथित नकली ब्रांडेड विद्युत वायर बरामद की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जो पूछताछ में पानीपत से वायर लाकर मेरठ के बाजारों में बेचने की बात स्वीकार करने का दावा करता है।
जानकारी के अनुसार, प्रतिष्ठित विद्युत वायर कंपनियों के नाम पर कथित नकली उत्पाद बाजार में बेचे जाने की सूचना मिलने पर जांच शुरू की गई। बुधवार देर रात रेलवे रोड क्षेत्र में निगरानी के दौरान एक संदिग्ध युवक को रोककर उसके पास मौजूद प्लास्टिक के थैले की तलाशी ली गई, जिसमें विभिन्न ब्रांडों के नाम वाले 292 वायर बॉक्स बरामद हुए।
बरामद माल में हैवेल्स के 54, ग्रेट व्हाइट के 32, वी-गार्ड के 56, पॉलीकैब के 38, आरआर के 58 तथा एंकर के 54 बॉक्स शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, जब्त वायर की अनुमानित बाजार कीमत ₹11 से 12 लाख है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुस्तकीम पुत्र फार्मूद, निवासी लाला मोहम्मदपुर, मेरठ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी माल से संबंधित कोई बिल या वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद पूरे माल को कब्जे में लेकर सील कर दिया गया।
कंपनी के फील्ड मैनेजर की तहरीर पर रेलवे रोड थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) तथा कॉपीराइट अधिनियम की धारा 63 और 65 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब कथित नकली वायर तैयार करने वाली फैक्ट्री और उससे जुड़े सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है।


No comments:
Post a Comment