एक मंच पर 116 जोड़ों का विवाह, 67 हिंदू और 49 मुस्लिम जोड़े बने हमसफर
जिला पंचायत अध्यक्ष और सीडीओ ने दिया आशीर्वाद
मेरठ। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जिला प्रशासन मेरठ के पर्यवेक्षण में सोमवार, 27 जुलाई 2026 को छोटा मवाना स्थित भगवती गार्डन में सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 67 हिंदू और 49 मुस्लिम समेत कुल 116 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मेरठ गौरव चौधरी और मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल ने उपस्थित होकर नवविवाहित वर-वधुओं को आशीर्वाद दिया और उनके सुखमय दांपत्य जीवन की कामना की।
उन्होंने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना को आर्थिक रूप से कमजोर और गरीब परिवारों के लिए बेहद उपयोगी बताते हुए कहा कि योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को विवाह के अवसर पर आर्थिक सहायता के साथ सामाजिक सहयोग भी प्राप्त हो रहा है। कार्यक्रम में विकासखंड हस्तिनापुर के 18, खरखौदा के 7, माछरा के 21, मवाना के 16, परीक्षितगढ़ के 21 और रजपुरा के 8 जोड़ों का विवाह कराया गया। इसके अलावा नगर निकायों में बहसूमा के 1, हस्तिनापुर के 4, खरखौदा के 1, किठौर के 3, मवाना के 6, परीक्षितगढ़ के 4, फलावदा के 2 और शाहजहांपुर के 4 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर कुल एक लाख रुपये व्यय किए जाने का प्रावधान है। इसमें 64 हजार रुपये की धनराशि कन्या के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाती है, 21 हजार रुपये की वैवाहिक उपहार सामग्री प्रदान की जाती है, जबकि 15 हजार रुपये विवाह कार्यक्रम के आयोजन पर व्यय किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि आगामी 29 जुलाई 2026 को जानी क्षेत्र के कुराली स्थित अवतार फार्म हाउस में भी सामूहिक विवाह कार्यक्रम प्रस्तावित है। योजना का लाभ लेने के इच्छुक एवं पात्र व्यक्ति ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनील कुमार सिंह, हस्तिनापुर, खरखौदा, माछरा, मवाना, परीक्षितगढ़ एवं रजपुरा के खंड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी (स0क0) अनिल कुमार एवं प्रवेश कुमार सहित समाज कल्याण विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment