बीमार भाई को पुश्तैनी मकान से  बेदखल करने प्रयास, डीएम से लगाई न्याय की गुहार

मेरठ। लिसाड़ी गेट क्षेत्र के तारापुरी निवासी एक व्यक्ति ने अपने ही सगे भाई और भतीजों पर पुश्तैनी मकान पर कब्जा करने, घर से बेदखल करने और जानलेवा हमला करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

तारापुरी निवासी अकरम का कहना है कि वह लंबे समय से गंभीर गुर्दे की बीमारी से पीड़ित हैं और शारीरिक स्थिति ठीक न होने के कारण कोई नियमित कार्य करने में सक्षम नहीं हैं। उनका आरोप है कि उनकी बीमारी और आर्थिक कमजोरी का फायदा उठाकर उनके बड़े भाई अकील तथा उसके पुत्र अदनान, शमी और अरसलान पुश्तैनी संपत्ति पर अवैध कब्जा करना चाहते हैं।पीड़ित के अनुसार लंबे समय से परिवार के भीतर संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है। अकरम का आरोप है कि विपक्षी पक्ष लगातार उन पर मकान छोड़ने का दबाव बना रहा था और विरोध करने पर धमकियां दी जा रही थीं।प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि 20 फरवरी 2026 की शाम अकील और उसके पुत्रों ने लाठी-डंडों तथा लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में अकरम और उनके भाई टीपू सुल्तान को गंभीर चोटें आईं। बताया गया कि टीपू सुल्तान को गंभीर हालत में उपचार कराना पड़ा।

पीड़ित ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने, परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा पुश्तैनी मकान का कब्जा वापस दिलाने की मांग की है। अब पीड़ित परिवार को प्रशासनिक हस्तक्षेप और न्यायिक कार्रवाई का इंतजार है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts