मुस्लिम पिता ने हिंदू युवक को बनाया दामाद
मंदिर में सात फेरे लेकर विदा हुई बेटी
प्रतापगढ़ । प्रतापगढ़ जिले से आपसी सौहार्द और प्रेम की एक अनूठी मिसाल सामने आई है। यहां के कोतवाली पट्टी क्षेत्र के दाऊदपुर गांव में एक अंतरधार्मिक प्रेम विवाह इन दिनों पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। गांव के रहने वाले अमन कुमार गौतम और सानिया बानो ने सामाजिक और धार्मिक बंधनों को पीछे छोड़ते हुए एक-दूसरे का हाथ थाम लिया है।
दोनों के बीच काफी समय से प्रेम संबंध चल रहा था। बालिग होने के कारण दोनों ने आपसी सहमति से जीवनसाथी बनने का बड़ा फैसला किया। इसके बाद एक स्थानीय मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोनों की शादी संपन्न हुई। इस विवाह की सबसे खूबसूरत बात यह रही कि दोनों के परिवारों ने इस रिश्ते को सहर्ष स्वीकार किया। शादी के दौरान वर-वधू के परिजन वहां मौजूद रहे और उन्होंने नवदंपति को खुशहाल जीवन का आशीर्वाद भी दिया। सोशल मीडिया पर इस शादी का वीडियो और तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं।
अपने इस रिश्ते को कानूनी सुरक्षा देने के लिए दंपति ने नोटरी के समक्ष एक शपथ पत्र (हलफनामा) भी पेश किया है। इस हलफनामे में युवती ने स्वेच्छा से अमन को अपना पति स्वीकार किया है, वहीं युवक ने भी सानिया को पत्नी मानकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया है। दोनों ने स्पष्ट किया है कि यह फैसला उन्होंने बिना किसी दबाव, प्रलोभन या डर के पूरी तरह स्वतंत्र इच्छा से लिया है।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि यदि उनके विवाह को लेकर कोई आपत्ति दर्ज कराता है तो उसे अनुचित माना जाए। गांव के दो सम्मानित लोगों ने गवाह के रूप में इस दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए हैं। यह विवाह क्षेत्र में सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल बना हुआ है।
शादी के बाद क्या बोले दोनों ससुर?
वहीं, शादी के बाद मुस्लिम दुल्हन के पिता भी भावुक को उठे। बेटी की विदाई के बाद बोले- हम चाहते हैं कि हमारी बेटी खुश रहे. उसे अगर हिंदू से प्यार था तो हमें भी इस शादी से कोई ऐतराज नहीं। दूल्हे के पिता बोले- हम सानिया को बहू बनाकर बेहद खुश हैं। उसे बेटी की तरह प्यार देंगे।


No comments:
Post a Comment