महंगाई और पेपर लीक के खिलाफ सपा का प्रदर्शन

 सपाइयों ने मेलोडी टॉफी दिखाकर नारेबाजी की, बोले- यूपी में क्राइम बढ़ा

मेरठ। सोमवार को  समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने महंगाई, पेपर लीक और प्रदेश में बढ़ते अपराधों के विरोध में जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान सपा कार्यकर्ता हाथों में मेलोडी टॉफी के पैकेट लेकर पहुंचे और केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन का नेतृत्व समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष विपिन चौधरी ने किया। सपा कार्यकर्ता पहले कमिश्नरी पार्क में एकत्र हुए, जिसके बाद पैदल मार्च करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मेलोडी टॉफी के पैकेट लहराकर सांकेतिक विरोध दर्ज कराया।

सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विदेशों में टॉफियां बांटने में व्यस्त हैं, जबकि देश की जनता महंगाई और अपराध जैसी समस्याओं से परेशान है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रदेश में शायद ही कोई ऐसी परीक्षा बची हो, जिसका पेपर लीक न हुआ हो। उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस सिलेंडर और खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों को लेकर भी सरकार को घेरा। सपा नेताओं ने दावा किया कि प्रदेश में अपराध चरम पर है और महिला अपराध के मामलों में उत्तर प्रदेश देश में शीर्ष पर पहुंच गया है।

पूर्व जिलाध्यक्ष विपिन चौधरी ने कहा कि यदि महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया तो प्रदेश की जनता वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में सरकार को करारा जवाब देगी। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यदि महिलाओं पर अत्याचार नहीं रुके तो समाजवादी पार्टी बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगी।प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपा और प्रतीकात्मक रूप से मेलोडी टॉफी का पैकेट भी दिया। विपिन चौधरी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतियां जनता को “धीरे-धीरे जहर” देने जैसी हैं, क्योंकि लगातार महंगाई बढ़ रही है।इस दौरान जीतू नागपाल, हिमांशु सिद्धार्थ, किशन जाटव, उमा शंकर खटीक, मोहसिन, दानिश समेत बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts