गाजियाबाद के लोनी में मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़

 11 दिन की बच्ची के साथ 12 आरोपी गिरफ्तार

गाजियाबाद। ट्रॉनिका सिटी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मानव तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 6 महिलाओं समेत कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो 11 दिन की नवजात बच्ची को बेचने की कोशिश कर रहे थे।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई में मौके से नवजात बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया, जिसे बाद में परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन वाहन और करीब 2 लाख 90 हजार रुपये के नकली नोट भी बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह नकली नोटों के सहारे सौदा कर लोगों को झांसे में लेकर मानव तस्करी करता था।

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि गिरोह दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में सक्रिय था। यह गिरोह कथित रूप से गरीब परिवारों से बच्चों को खरीदने या अस्पतालों से चोरी करने के बाद निसंतान दंपतियों को ऊंची कीमत पर बेचता था।

डीसीपी ग्रामीण सुरेन्द्रनाथ तिवारी ने बताया कि पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर बच्ची को सुरक्षित बचा लिया है और गिरोह के सभी 12 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ मानव तस्करी, धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि गिरोह के नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि अब तक कितने मामलों में यह गिरोह शामिल रहा है। आरोपी न्यायालय में पेश किए जा चुके हैं।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts