पीएम मोदी ने युवा खिलाड़ियों के जज्बे को सराहा

जूनियर एशिया कप में पुरुष टीम बनी चैंपियन, तो बेटियों ने जीता ब्रॉन्ज

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के 5 लालों की थपथपाई पीठ, कहा. प्रदेश के लिए गौरव का क्षण

नई दिल्ली/लखनऊ। भारतीय युवा हॉकी खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय पटल पर एक बार फिर तिरंगे का मान बढ़ाते हुए इतिहास रच दिया है। जापान के काकामिगाहारा में खेले गए 'हॉकी पुरुष अंडर-18 जूनियर एशिया कप 2026' के हाई-वोल्टेज फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने मेजबान जापान को उसके ही घर में 4-1 से करारी शिकस्त देकर चमचमाती स्वर्णिम ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। व​हीं इस ऐतिहासिक दोहरे जश्न के बीच, भारतीय महिला अंडर-18 हॉकी टीम ने भी टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाते हुए कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) अपने नाम किया। इस दोहरी सफलता पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरी टीम को बधाई दी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवा हॉकी खिलाड़ियों की इस शानदार उपलब्धि को देश के लिए एक बड़ी सौगात बताया। सोशल मीडिया के जरिए बधाई संदेश देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारे युवा हॉकी खिलाड़ियों की यह शानदार और ऐतिहासिक उपलब्धि है! भारतीय पुरुष अंडर-18 हॉकी टीम को पुरुष एशिया कप 2026 जीतने पर और महिला टीम को कांस्य पदक जीतने पर हार्दिक बधाई। यह शानदार जीत हमारे युवाओं के बीच राष्ट्रीय खेल हॉकी की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाती है। वहीं महिला टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए आगे कहा कि यह सफलता देश में महिला हॉकी की बढ़ती ताकत और हमारी बेटियों की अपार क्षमता का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने दोनों टीमों को उनके भविष्य के आगामी प्रयासों के लिए ढेरों शुभकामनाएं दीं।

यूपी के खिलाड़ियों ने बढ़ाया देश-प्रदेश का मान: योगी

हॉकी जूनियर एशिया कप 2026 में भारत की इस स्वर्णिम विजय पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी शनिवार को खिलाड़ियों को बधाई व शुभकामनाएं प्रेषित कीं। सीएम योगी ने इस खिताबी जीत में उत्तर प्रदेश के उन 5 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की विशेष रूप से सराहना की, जिन्होंने भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक जीत की पटकथा लिखने में मुख्य भूमिका निभाई।

यूपी के ये खिलाखिला में ये रहे शामिल

इस ऐतिहासिक विजय में उत्तर प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों केतन कुशवाहा, शाहरुख अली, प्रह्लाद राजभर, राहुल यादव एवं रोमित पाल के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने प्रदेश को विशेष गौरव का अवसर प्रदान किया है। योगी ने कहा कि आप सभी ने अपने कौशल, समर्पण और अनुशासन से राष्ट्र का मान बढ़ाया है। भारतीय हॉकी विश्व पटल पर सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करे, यही मंगलकामना है। इस ऐतिहासिक खिताबी जीत के पीछे उत्तर प्रदेश के खेल तंत्र और प्रबंधन की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। गौरतलब है कि भारतीय टीम के कोचिंग स्टाफ में उत्तर प्रदेश के पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रजनीश मिश्रा ने अपनी रणनीतियों से अहम भूमिका निभाई। इस चैंपियन टीम की चयन प्रक्रिया हॉकी इंडिया के मुख्य चयनकर्ता एवं उत्तर प्रदेश हॉकी के अध्यक्ष डॉ.आर.पी.सिंह के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुई थी, जिसे खेल विशेषज्ञ इस बड़ी सफलता का मुख्य आधार मान रहे हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts