पात्र लाभार्थियों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता, समयबद्धता एवं प्रभावशीलता के साथ पहुंचे मंडलायुक्त
आयुक्त ने की कर-करेत्तर एवं राजस्व वाद, मुख्यमंत्री डैशबोर्ड एवं विभागीय विकास योजनाओं की मंडलीय समीक्षा
मेरठ । आयुक्त सभागार में आयुक्त मंडल भानु चन्द्र गोस्वामी की अध्यक्षता में कर एवं करेत्तर राजस्व वादों, मुख्यमंत्री डैशबोर्ड एवं विकास कार्यों की मंडलीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि, पशुपालन, स्वास्थ्य, शिक्षा, वन एवं पंचायती राज विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने कार्यों एवं उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण किया गया। कर एवं करेत्तर राजस्व की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने राजस्व संग्रहण को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि लंबित राजस्व वादों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को त्वरित राहत प्राप्त हो सके तथा राजस्व प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हो। आयुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर प्रदर्शित योजनाएं शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। सभी विभागीय अधिकारी योजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करें तथा जिन योजनाओं की रैंकिंग अपेक्षाकृत कम है, उनमें विशेष प्रयास कर गुणवत्तापूर्ण सुधार लाया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का उद्देश्य केवल लक्ष्य पूर्ति नहीं, बल्कि आमजन तक प्रभावी एवं पारदर्शी सेवाएं पहुंचाना है।
फैमिली आईडी की प्रगति की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने कार्ययोजना बनाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए। ग्रामीण जलापूर्ति परियोजनाओं के अंतर्गत जहां रोड कटिंग अथवा पुनर्स्थापन का कार्य अधूरा है, वहां शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने एम्बुलेंस सेवाओं के रिस्पॉन्स टाइम की नियमित निगरानी करने, रिक्त आशा पदों पर शीघ्र नियुक्ति करने तथा आशाओं के प्रशिक्षण एवं मानदेय भुगतान को समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बेहतर कार्य करने वाली आशा कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित किए जाने पर भी बल दिया। साथ ही नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में शत-प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त करते हुए यूनिसेफ के सभी निर्धारित संकेतकों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। श्रम विभाग को निर्देशित किया गया कि पंजीकृत श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय से उपलब्ध कराया जाए तथा श्रम विभाग के अंतर्गत समस्त संचालित योजनओ का प्रचार-प्रसार किया जाये तथा पात्रता के अनुरूप श्रमिको को लाभान्वित किया जाये। पशुपालन विभाग को पोर्टल आधारित सभी संकेतकों की सतत निगरानी कर व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने आरटीई के अंतर्गत नामांकन, ऑपरेशन कायाकल्प, दिव्यांग बच्चों के नामांकन एवं ड्रॉपआउट की स्थिति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विद्यालयों का निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए तथा ऑपरेशन कायाकल्प के मानकों का सत्यापन सुनिश्चित किया जाए।
पंचायती राज विभाग की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने स्वच्छता एवं साफ-सफाई अभियानों को निरंतर संचालित करने तथा पूर्व में दिए गए निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत स्तर पर ग्रामीण क्षेत्र में समस्त सडक के किनारे स्वच्छता एवं साफ-सफाई हेतु अभियान चलाकर कार्यवाही की जाये।
आयुक्त ने कहा कि सभी विभाग लाभार्थीपरक योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करें तथा यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ समय से पहुंचे। योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से ही शासन की मंशा को धरातल पर साकार किया जा सकता है।
बैठक में पीएम सूर्य घर योजना, जननी सुरक्षा योजना, छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति, पोषण अभियान, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजनाएं (शहरी एवं ग्रामीण), पीएम कुसुम योजना, फार्मर रजिस्ट्री, प्रोजेक्ट अलंकार, 15वां वित्त आयोग, श्रम योगी मानधन योजना, एमएसएमई टूलकिट वितरण, पर्यटन विकास एवं सड़क निर्माण कार्यों सहित विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में मंडल के समस्त जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, अपर आयुक्त मेरठ मंडल, संयुक्त विकास आयुक्त मेरठ मंडल सहित संबंधित मंडलीय अधिकारी आदि उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment