सहारनपुर सड़क हादसे में उजाड़ा पूरा परिवार
मां-बहन और मासूम बेटी समेत चार की मौत
सहारनपुर।सहारनपुर के बेहट रोड पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जहां एक तेज रफ्तार क्रेटा कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक पर सवार एक ही परिवार के चार सदस्यों युवक, उसकी मां, बहन और 5 साल की बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक युवक अपनी ससुराल से लौट रहा था।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मृतकों में मलकपुर निवासी लविश (26), उसकी मां राजदुलारी (55), बहन अंजना उर्फ तन्नु (20) और पांच वर्षीय बेटी रूही शामिल हैं।एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत की खबर मिलते ही गांव मलकपुर में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अपने गांव मलकपुर लौट रहे थे
परिजनों ने बताया कि लविश अपनी मां, बहन और बेटी को कोठड़ी स्थित अपनी ससुराल से लेकर वापस अपने गांव मलकपुर लौट रहा था।धौलाकुआं के पास पहुंचते ही पीछे से आ रही तेज रफ्तार क्रेटा कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान कार चालक कार लेकर फरार हो गया।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद चारों को मृत घोषित कर दिया।
सहारनपुर के एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।


No comments:
Post a Comment