नौंचंदी मेले से लौटे युवक की संदिग्ध मौत

 परिजनों ने जताई हत्या की आशंका,एफआईआर की मांग

मेरठ। थाना लिसाड़ी  गेट क्षेत्र के लक्खीपुरा निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है। परिजनों ने मामले में मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की है।

मृतक के भाई साहिल ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका भाई अनस 23 मई की शाम नौचंदी मेला देखने के लिए घर से निकला था, लेकिन उसके बाद वह वापस नहीं लौटा। कई दिनों की तलाश के बाद 27 मई को अनस का शव मेरठ मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में मिला।

परिजनों का आरोप है कि शव की हालत देखकर स्पष्ट था कि अनस के शरीर पर कई गंभीर चोटें थीं। उनका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी लगभग 6 गंभीर चोटों का उल्लेख है, जिससे हत्या की आशंका और मजबूत हो जाती है।

साहिल ने आरोप लगाया कि पुलिस को शिकायत देने के बावजूद अब तक इस मामले में कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। परिजनों का कहना है कि पुलिस विसरा रिपोर्ट का हवाला देकर मामले को टाल रही है, जिससे परिवार में गहरा आक्रोश है।

परिजनों ने यह भी आशंका जताई है कि घटना से जुड़े अहम साक्ष्य, विशेषकर सीसीटीवी फुटेज, को मिटाया जा सकता है। उन्होंने मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए और निष्पक्ष जांच कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाए।

फिलहाल पीड़ित परिवार ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से हस्तक्षेप की अपील की है और न्याय की उम्मीद लगाए हुए है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts