सीसीएसयू में 93 पदों पर होगी भर्ती

- असिस्टेंट प्रोफेसर से लेकर निदेशक तक के लिए मांगे आवेदन

30 जून तक करना होगा ऑनलाइन आवेदन, 6 जुलाई तक हार्ड कॉपी भेजना अनिवार्य

मेरठ।सीसीएसयू ने कैंपस के विभिन्न विभागों में असिस्टेंट प्रोफेसर से लेकर निदेशक स्तर तक कुल 93 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय परिसर में एक साथ इतनी बड़ी संख्या में पदों के लिए आवेदन पहली बार आमंत्रित किए गए हैं। ये नियुक्तियां यूजीसी के नियमों के तहत रेगुलर एवं सेल्फ फाइनेंस स्कीम में संचालित पाठ्यक्रमों के लिए संविदा आधार पर नियत वेतनमान पर की जाएंगी।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध आवेदन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विभिन्न श्रेणियों के कुल 93 रिक्त पदों को भरने के लिए आवेदन मांगे गए हैं।

 आवेदन प्रक्रिया शुरू, 30 जून अंतिम तिथि

विश्वविद्यालय की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 जून निर्धारित की गई है। वहीं आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी पंजीकृत डाक के माध्यम से विश्वविद्यालय में 6 जुलाई तक पहुंचाना अनिवार्य होगा।

जल्द आ सकती हैं स्थायी पदों की भर्ती

विश्वविद्यालय परिसर में जल्द ही नियमित शिक्षकों के रिक्त पदों पर भी भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। बीते शैक्षणिक सत्र में कई स्थायी शिक्षक सेवानिवृत्त हो चुके हैं। इसके अलावा पिछली भर्ती प्रक्रिया में भी कई पदों पर योग्य अभ्यर्थी नहीं मिल पाए थे। ऐसे में विश्वविद्यालय सभी रिक्त पदों को भरने के लिए जल्द ही नई भर्ती का विज्ञापन जारी कर सकता है।

कई विभागों में असिस्टेंट प्रोफेसर बनने का मौका

विश्वविद्यालय ने अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, जेनेटिक्स एंड प्लांट ब्रीडिंग, इतिहास, हॉर्टीकल्चर, उर्दू, गणित, जंतु विज्ञान, मनोविज्ञान, रसायन विज्ञान, राजनीति विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, टॉक्सिकोलॉजी, सांख्यिकी और हिन्दी सहित अनेक विषयों में असिस्टेंट प्रोफेसर (संविदा) पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।

इसके अलावा ज्वैलरी डिजाइन, फूड एंड साइंस टेक्नोलॉजी, होम साइंस, बायोटेक्नोलॉजी, पत्रकारिता एवं जनसंचार, पादप संरक्षण, पर्यावरण विज्ञान, लाइब्रेरी एंड इंफॉर्मेशन साइंस, सीड साइंस एंड टेक्नोलॉजी, भूगोल, योग विज्ञान, फाइन आर्ट्स, कॉमर्स, फोरेंसिक साइंस, शारीरिक शिक्षा, माइक्रोबायोलॉजी और समाजशास्त्र-एमएसडब्ल्यू जैसे विभागों में भी आवेदन मांगे गए हैं।

 प्रशासनिक पदों पर भी अवसर

शैक्षणिक पदों के अलावा एक्रीडिटेशन एंड रैंकिंग के लिए डिप्टी डायरेक्टर, स्पोर्ट्स में असिस्टेंट डायरेक्टर, फाइन आर्ट्स में डिप्टी डायरेक्टर सहित विभिन्न प्रशासनिक पदों पर भी भर्ती की जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने योग्य अभ्यर्थियों से समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।

युवाओं में उत्साह

एक साथ 93 पदों पर भर्ती की घोषणा से विश्वविद्यालय परिसर और उच्च शिक्षा क्षेत्र से जुड़े अभ्यर्थियों में उत्साह का माहौल है। लंबे समय से भर्ती का इंतजार कर रहे शोधार्थियों और शिक्षण कार्य से जुड़े युवाओं के लिए यह अवसर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts