सम्पूर्ण समाधान दिवस में 53 शिकायतें आईं, 5 का मौके पर निस्तारण; डीएम ने दिए सख्त निर्देश
मेरठ। तहसील सदर में विधायक कैंट अमित अग्रवाल और जिलाधिकारी डा. वी.के. सिंह की उपस्थिति में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में कुल 53 शिकायतें/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 5 का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को निर्धारित समय सीमा के भीतर निपटाने के आदेश संबंधित विभागों को दिए गए।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निस्तारण गंभीरता, पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से किया जाए, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों में चकरोड पर अवैध कब्जा हटवाने, भूमि की पैमाइश, पेंशन, पुलिस विभाग, राजस्व विभाग, समाज कल्याण, विकास विभाग और चकबंदी से जुड़े मामले प्रमुख रूप से शामिल रहे।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले, एसडीएम सदर दीपक माथुर, सीएमओ डा० राम प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ने तहसील परिसर में पौधारोपण भी किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।


No comments:
Post a Comment