अखिलेश यादव की पुत्री पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के विरोध में सपा का प्रदर्शन
डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन कर डीएम को सौंपा ज्ञापन
मेरठ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादवकी पुत्री को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के विरोध में समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव एवं पूर्व जिलाध्यक्ष सपा युवजन सभा विपिन चौधरी के नेतृत्व में पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी मेरठ के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सोशल मीडिया पर प्रसारित कथित विवादित और आपत्तिजनक टिप्पणियों पर गहरी नाराजगी व्यक्त की गई।
सपा नेताओं ने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन किसी भी नेता के परिवार, महिलाओं अथवा बच्चों को राजनीतिक विवादों में घसीटना सामाजिक मर्यादाओं और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणियां न केवल व्यक्तिगत गरिमा को ठेस पहुंचाती हैं, बल्कि समाज में गलत संदेश भी देती हैं।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि सोशल मीडिया पर की गई ऐसी टिप्पणियां महिला विरोधी मानसिकता को दर्शाती हैं और किसी भी सभ्य समाज में इन्हें स्वीकार नहीं किया जा सकता। पार्टी नेताओं ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में असहमति व्यक्त करने का अधिकार सभी को है, लेकिन अभद्र भाषा और व्यक्तिगत टिप्पणियां लोकतांत्रिक संस्कृति को कमजोर करती हैं।सपा कार्यकर्ताओं ने मांग की कि कथित आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वाले व्यक्तियों की तत्काल पहचान कर निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही दोषियों और उन्हें संरक्षण देने वाले लोगों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि भविष्य में सोशल मीडिया पर इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी निगरानी तंत्र विकसित किया जाए, ताकि महिलाओं और परिवारों की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली सामग्री पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।इस दौरान समाजवादी पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे तथा उन्होंने मामले में शीघ्र और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग दोहराई।


No comments:
Post a Comment