एकलौते बेटे की संदिग्ध मौत के बाद न्याय के लिए भटक रही मां, पुलिस पर गंभीर आरोप

मेरठ। जनपद के थाना जानी क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मलियाना निवासी एक मां ने अपने एकलौते पुत्र की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को हत्या बताते हुए न्याय की गुहार लगाई है। घटना को 14 दिन से अधिक समय बीत जाने के बावजूद कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए पीड़िता ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

पीड़िता नील प्रभा के अनुसार उनका एकलौता पुत्र वंश कुशवाहा 28 मई 2026 को अपने दो परिचितों हर्ष और सुमित के साथ घर से गया था। उनका आरोप है कि दोनों युवकों ने वंश को रुपये का लालच देकर अपने साथ ले जाया था। बाद में परिवार को सूचना मिली कि वंश की मौत ‘भोले की झाल’ में डूबने से हो गई है।

मृतक की मां का कहना है कि उन्हें शुरू से ही घटना पर संदेह है और यह कोई सामान्य दुर्घटना नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या का मामला प्रतीत होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब वह शिकायत लेकर थाना जानी पहुंचीं तो पुलिस ने उनकी बात गंभीरता से सुनने के बजाय कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की।

पीड़िता के मुताबिक, न्याय न मिलने पर उन्होंने 3 जून को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर मामले की शिकायत की, जिसके बाद जांच के आदेश दिए गए। हालांकि उनका आरोप है कि जांच आगे बढ़ने के बजाय अब उन पर और उनके परिवार पर दबाव बनाया जा रहा है।

नील प्रभा का दावा है कि स्थानीय चौकी स्तर से उन पर समझौते का दबाव डाला जा रहा है, जबकि विपक्षी पक्ष कथित रूप से यह कहकर धौंस जमा रहा है कि उसने पूरे मामले को “मैनेज” कर लिया है और अब उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी।

मामले को लेकर पीड़ित परिवार में भारी आक्रोश है। परिजनों का कहना है कि उनका बेटा परिवार का एकमात्र सहारा था और उसकी मौत के बाद परिवार पूरी तरह टूट गया है। अब उन्हें केवल निष्पक्ष जांच और न्याय की उम्मीद है।

पीड़ित मां ने पुलिस के उच्च अधिकारियों से मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने, सभी तथ्यों की गहन पड़ताल करने तथा दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन की ओर से भी इस संबंध में विस्तृत बयान सामने आना बाकी है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts