मुआवजा नहीं तो वोट नहीं 

काजीपुर में किसान बोले- एक हफ्ते में समाधान करो, वरना होगा बड़ा आंदोलन

 मेरठ। लोहिया नगर योजना से प्रभावित किसानों की समस्याओं को लेकर काजीपुर गांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किसानों और ग्रामीणों ने प्रदेश के मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर के सामने अपनी मांगें रखीं। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक किसानों का रुका हुआ मुआवजा और विकसित प्लॉट नहीं मिल जाता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।

युवा विकास संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि एक दिन पहले हुई किसान पंचायत के बाद मंत्री को गांव बुलाकर किसानों की समस्याओं से अवगत कराया गया। किसानों ने कहा कि कोरोना काल में जिन किसानों के मुआवजे के चेक रोक दिए गए थे, उन्हें तत्काल जारी किया जाए और विकसित प्लॉट तैयार कर आवंटित किए जाएं।

काजीपुर में किसान पंचायत के बाद मंत्री सोमेंद्र तोमर को गांव बुलाकर किसानों की समस्याओं से अवगत कराया गया। ग्रामीणों ने आबादी वाली भूमि के समायोजन की प्रक्रिया को भी जल्द पूरा करने की मांग उठाई। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो लोहिया नगर योजना क्षेत्र में मेरठ विकास प्राधिकरण (एमडीए) के किसी भी विकास कार्य को नहीं होने दिया जाएगा।

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि मंत्री गांव और क्षेत्र के अपने प्रतिनिधि हैं, इसलिए किसानों को उनसे बड़ी उम्मीदें हैं। उन्होंने कहा कि किसान, युवा और बुजुर्ग सभी लंबे समय से मुआवजे और प्लॉट के इंतजार में हैं। यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

किसानों ने साफ कहा कि "मुआवजा नहीं तो वोट नहीं" और मांगों की अनदेखी होने पर सरकार और जनप्रतिनिधियों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा। किसानों ने प्रशासन और एमडीए से शीघ्र समाधान की मांग करते हुए कहा कि मजबूरी में उन्हें बड़े आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा। जय किसान के नारों के बीच किसानों ने अपने संघर्ष को जारी रखने का ऐलान किया।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts