नीट यूजी पेपर लीक पर कांग्रेस ने सरकार को घेरा

कहा- छात्रों का भविष्य बर्बाद हो रहा, पेपर लीक से सबसे ज्यादा अभिभावक प्रभावित हो रहे

मेरठ।  नीट यूजी  समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के मामलों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने सरकार पर निशाना साधा। योगी जाटव ने कहा कि  नीट  पेपर लीक देश के छात्रों के भविष्य से जुड़ा गंभीर मामला है।

किसी भी सरकार को छात्रों के जीवन के साथ खिलवाड़ करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि बच्चे दो-तीन साल तक तैयारी करते हैं, लेकिन परीक्षा से पहले पेपर लीक हो जाता है। कई भर्ती परीक्षाओं में भी इसी तरह के मामले सामने आए हैं।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार छात्रों के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और उन्हें न्याय दिलाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। इसी अभियान के तहत जिले के कांग्रेस पदाधिकारी भी छात्रों के बीच पहुंचेंगे।योगी जाटव ने बताया कि 21 जून को गौतम नगर में ‘बहुजन स्वाभिमान संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें एससी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री राजेंद्र पाल गौतम और बाराबंकी सांसद एवं प्रदेश एससी विभाग अध्यक्ष तनुज पुनिया शामिल होंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।

दलित उत्पीड़न के मामलों पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश और देश में जहां भी ऐसी घटनाएं हो रही हैं, कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष कर रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस दलित समाज की आवाज उठाने और दोषियों को सजा दिलाने के लिए लगातार काम कर रही है।

21 जून को होने वाली नीट परीक्षा को लेकर पूछे गए सवाल पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी छात्रों के साथ खड़ी है। राहुल गांधी छात्रों की आवाज उठाने का काम कर रहे हैं और कांग्रेस उनके अधिकारों की लड़ाई आगे भी लड़ती रहेगी।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष गौरव भाटी ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिले में छात्रों और उनके अभिभावकों के बीच संवाद कार्यक्रम चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य पेपर लीक से प्रभावित छात्रों की समस्याओं को समझना और उनकी आवाज को मजबूती से उठाना है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देशभर में छात्रों के साथ संवाद कर रहे हैं। नीट और अन्य परीक्षाओं में पेपर लीक के कारण लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। इसी क्रम में हर जिला मुख्यालय पर जिला और महानगर कांग्रेस कमेटियां मिलकर छात्रों और अभिभावकों से संवाद करने की रूपरेखा तैयार कर रही हैं।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts